राज्य कृषि समाचार (State News)

दमोह: गोबर से जैविक उत्पाद एवं अन्य उपयोगी सामग्री तैयार करें – राज्यमंत्री श्री पटेल

11 जुलाई 2026, दमोह: दमोह: गोबर से जैविक उत्पाद एवं अन्य उपयोगी सामग्री तैयार करें – राज्यमंत्री श्री पटेल –  गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को तेंदूखेड़ा स्थित दयोदय गौशाला में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिले की विभिन्न गौशालाओं के संचालकों ने भाग लेकर अपने सुझाव एवं अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल तथा संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी मुख्य रूप में उपस्थित रहे।

राज्य मंत्री श्री लोधी ने कहा कि प्रदेश सरकार गौ संरक्षण और गोसेवा के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार गौ माता के भरण-पोषण के लिए प्रति गाय 1200 रुपये प्रतिमाह उपलब्ध करा रही है तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों को भी सहायता प्रदान की जा रही है।

राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा दमोह जिले में संचालित 56 गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने गौशाला संचालकों से गोबर से वर्मी कम्पोस्ट तथा गोमूत्र से फिनाइल, जैविक उत्पाद एवं अन्य उपयोगी सामग्री तैयार कर उनके विपणन के माध्यम से आय के नए स्रोत विकसित करने का आह्वान किया।

आनंद धाम के पीठाधीश्वर रंजीतानंद स्वामी ने कहा गौमाता सदैव पूजनीय रही हैं, लेकिन स्वार्थवश उन्हें सड़कों पर छोड़ देना गंभीर भूल है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से गौ संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।  स्वामी अखलेंद्रनाथ ने कहा यदि प्रत्येक परिवार एक गौमाता का पालन करने का संकल्प ले, तो निराश्रित गौवंश की समस्या स्वतः काफी हद तक समाप्त हो सकती है।

कार्यशाला में नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश चंद जैन, उपाध्यक्ष लक्ष्मी नामदेव, ठाकुर मूरत सिंह, भारत सिंह लोधी, नीतू साहू, रश्मि साहू, गोविंद यादव, वीरेंद्र आचार्य, डॉ. परम सिंह लोधी, शुभम जैन गौशाला समिति से अध्यक्ष संजय जैन, अमरचंद जैन अन्य जनप्रतिनिधिगण,  मीडिया, गौशाला समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture