Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

CM मोहन यादव आज करेंगे ‘बलराम कृषि महोत्सव-2026’ का शुभारंभ, किसानों को मिलेंगी आधुनिक खेती की नई तकनीकें

15 जुलाई 2026, भोपाल: CM मोहन यादव आज करेंगे ‘बलराम कृषि महोत्सव-2026’ का शुभारंभ, किसानों को मिलेंगी आधुनिक खेती की नई तकनीकें – मध्य प्रदेश में वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर अनाज मंडी परिसर में आयोजित ‘बलराम कृषि महोत्सव-2026’ का शुभारंभ करेंगे। राज्य स्तरीय इस महोत्सव का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, नवीन कृषि यंत्रों, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण तथा सरकार की किसान हितैषी योजनाओं से जोड़ना है, ताकि खेती को अधिक लाभकारी, टिकाऊ और समृद्ध बनाया जा सके।

महोत्सव में कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरण किया जाएगा तथा कृषि यंत्रों, उन्नत तकनीकों और आधुनिक कृषि प्रबंधन प्रणालियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। किसानों को तकनीकी साहित्य उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे नई तकनीकों को आसानी से अपनाकर अपनी खेती को अधिक उत्पादक बना सकें।

एक ही मंच पर मिलेगी कृषि विशेषज्ञों से सलाह

बलराम कृषि महोत्सव में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, कृषि अभियांत्रिकी, ग्रामीण विकास सहित कई विभाग आकर्षक प्रदर्शनी लगाएंगे। विभागीय स्टॉलों पर किसानों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया, तकनीकी परामर्श और नवीन कृषि नवाचारों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी खेती से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

डिजिटल खेती से लेकर ड्रोन तकनीक तक की मिलेगी जानकारी

महोत्सव के दौरान किसानों को डिजिटल कृषि सेवाओं, ऑनलाइन कृषि परामर्श, मौसम आधारित खेती, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, ड्रोन तकनीक, स्मार्ट सिंचाई, उन्नत कृषि यंत्रों और आधुनिक कृषि प्रबंधन प्रणालियों की जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञ बदलती जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप खेती की नई पद्धतियों, जोखिम प्रबंधन और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी मार्गदर्शन देंगे।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

छह प्रमुख कृषि संकल्पों पर रहेगा विशेष फोकस

बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से किसानों को छह प्रमुख कृषि संकल्पों से जोड़ा जाएगा। इनमें प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा, जल संरक्षण और ‘हर खेत को पानी’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाना, कृषि यंत्रीकरण और आधुनिक तकनीकों का विस्तार, फसल विविधीकरण एवं मूल्य संवर्धन, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और कृषि उद्यमिता को प्रोत्साहन तथा किसान कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाना शामिल है।

प्रदेशभर में होगा आयोजन

इंदौर से शुरू होने वाले राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य जिलों में भी किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 जुलाई को धार, 19 जुलाई को झाबुआ, 21 जुलाई को अलीराजपुर, 23 जुलाई को बड़वानी, 25 जुलाई को खरगोन, 27 जुलाई को बुरहानपुर और 30 जुलाई को खंडवा में महोत्सव आयोजित होगा। इन आयोजनों के माध्यम से बड़ी संख्या में किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

बलराम कृषि महोत्सव को प्रदेश में कृषि विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सरकार का उद्देश्य आधुनिक तकनीक, नवाचार और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि करना तथा खेती को अधिक आत्मनिर्भर और लाभकारी बनाना है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Gl