राज्य कृषि समाचार (State News)पशुपालन (Animal Husbandry)

गर्मी में पशुधन की देखभाल जरूरी, मंत्री जोराराम कुमावत ने पशुपालकों को दिए सावधानी बरतने के निर्देश

24 अप्रैल 2026, जयपुर: गर्मी में पशुधन की देखभाल जरूरी, मंत्री जोराराम कुमावत ने पशुपालकों को दिए सावधानी बरतने के निर्देश – राजस्थान में बढ़ती गर्मी और लू के मद्देनजर पशुपालन, गोपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत ने पशुपालकों से अपने पशुधन की विशेष देखभाल करने और सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तापमान में लगातार वृद्धि के कारण पशुओं पर गर्मी का असर बढ़ रहा है, जिससे उनकी सेहत और उत्पादन क्षमता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में समय रहते सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

मंत्री ने पशुपालन विभाग को भी निर्देश दिए हैं कि पशुओं के रखरखाव, पोषण और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएं और पशुपालकों को लगातार जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में दुधारू पशुओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, क्योंकि तापमान बढ़ने से दूध उत्पादन में कमी और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, जिससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान भी हो सकता है।

पशुपालकों को दी गई सावधानियां

1. पशुओं को छायादार स्थानों पर रखें और दिन के सबसे गर्म समय में बाहर न निकालें
2. ठंडा, स्वच्छ और पर्याप्त मात्रा में पानी दिन में कई बार उपलब्ध कराएं
3. भारी काम करने वाले पशुओं को सुबह और शाम के समय ही उपयोग में लें
4. पशुओं में किसी भी बीमारी या असामान्यता पर तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सालय से संपर्क करें

विभागीय अधिकारियों को निर्देश

प्रमुख शासन सचिव पशुपालन, गोपालन एवं मत्स्य विभाग ने सभी जिला पशु चिकित्सा अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लू और तापघात से बचाव के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए और सभी उपलब्ध माध्यमों से जानकारी पशुपालकों तक पहुंचाई जाए।

इसके साथ ही निराश्रित पशुओं के लिए जलकुंड, चारागाहों में पानी की व्यवस्था और जनसहभागिता से परिंडे लगाने की भी अपील की गई है, ताकि गर्मी में पशु-पक्षियों को राहत मिल सके।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements