Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

उर्वरक बिक्री में अनियमितता पर बिहार सरकार सख्त, 24 घंटे में होगी किसानों की शिकायतों पर कार्रवाई

बिना बिल बिक्री, अधिक कीमत वसूली और जबरन टैगिंग पर होगी कार्रवाई

28 जुलाई 2026, पटना: उर्वरक बिक्री में अनियमितता पर बिहार सरकार सख्त, 24 घंटे में होगी किसानों की शिकायतों पर कार्रवाई – खरीफ सीजन के दौरान किसानों से मिल रही शिकायतों के बाद बिहार सरकार ने उर्वरक बिक्री में अनियमितताओं पर सख्ती बढ़ा दी है। कृषि विभाग ने सभी जिला कृषि पदाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों की प्रत्येक शिकायत पर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाए।

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिना बिल उर्वरक की बिक्री, निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलना और उर्वरकों के साथ अन्य उत्पादों की जबरन बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बिना बिल उर्वरक बिक्री की शिकायतें

कृषि मंत्री ने बताया कि लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ दुकानदार ऑनलाइन पीओएस मशीन से बिल जारी किए बिना किसानों को उर्वरक बेच रहे हैं। इसके अलावा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने, उर्वरकों के साथ अन्य उत्पाद खरीदने के लिए दबाव बनाने और किसानों को बिल नहीं देने की शिकायतें भी सामने आई हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कृषि विभाग ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

दुकानों पर मूल्य सूची और स्टॉक प्रदर्शित करना अनिवार्य

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की प्रत्येक शिकायत का 24 घंटे के भीतर प्रभावी निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों की समयबद्ध जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

साथ ही सभी उर्वरक दुकानों पर निर्धारित मूल्य सूची, उपलब्ध स्टॉक और प्रतिष्ठान का नाम प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर पारदर्शी तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture