Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

विदिशा में 16 अगस्त को होगा बलराम कृषि महोत्सव, आधुनिक खेती की तकनीकों से रूबरू होंगे किसान

07 अगस्त 2026, विदिशा: विदिशा में 16 अगस्त को होगा बलराम कृषि महोत्सव, आधुनिक खेती की तकनीकों से रूबरू होंगे किसान – मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से 16 अगस्त  को नई कृषि उपज मंडी, मिर्जापुर में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में मध्य प्रदेश शासन के किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, विदिशा एन आई सी व्हीसी कक्ष में कलेक्टर अंशुल गुप्ता सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

5 हजार किसान होंगे शामिल

वीडियो कॉन्फ्रेंस के उपरांत कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने बताया कि जिले का बलराम कृषि महोत्सव 16 अगस्त को नई कृषि उपज मंडी परिसर, मिर्जापुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शामिल होने की संभावना है। साथ ही जिलेभर से लगभग 2,000 से 5,000 किसानों के सहभागिता करने का अनुमान है।

कलेक्टर ने बताया कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को “कृषि कल्याण वर्ष” के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसी के तहत प्रदेश के सभी जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। इस श्रृंखला का पहला कार्यक्रम 15 जुलाई को इंदौर में आयोजित किया गया था और अब इसी क्रम में विदिशा जिले में यह महोत्सव आयोजित होगा।

उन्नत कृषि तकनीकों और आधुनिक खेती से  रूबरू होंगे किसान  

महोत्सव में कृषि वैज्ञानिक किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, आधुनिक खेती, फसल प्रबंधन, नवीन कृषि अनुसंधान तथा उत्पादकता बढ़ाने के उपायों की जानकारी देंगे। इसके साथ ही कृषि एवं संबद्ध विभागों द्वारा प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी, जिनमें किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों, नवाचारों और नवीन तकनीकों का प्रदर्शन कराया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी किसानों को शासकीय योजनाओं, अनुदान, कृषि यंत्रीकरण, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, प्राकृतिक खेती, जैविक खेती तथा किसान हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे। किसानों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने और अपनी समस्याओं के समाधान का अवसर भी मिलेगा।

प्रशासन का उद्देश्य इस महोत्सव के माध्यम से किसानों को नवीन तकनीकों से जोड़ते हुए उनकी आय में वृद्धि, खेती को अधिक लाभकारी बनाने तथा शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ प्रत्येक किसान तक पहुंचाना है। जिले में कार्यक्रम की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं और संबंधित विभागों को समन्वय के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture