Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

पांढुर्णा में बलराम कृषि महोत्सव: हल्दी-गेहूं की प्राकृतिक खेती से किसान कमा रहे लाखों, विदेशों तक पहुंच रहे उत्पाद

05 नवंबर 2026, पांढुर्णा: पांढुर्णा में बलराम कृषि महोत्सव: हल्दी-गेहूं की प्राकृतिक खेती से किसान कमा रहे लाखों, विदेशों तक पहुंच रहे उत्पाद – मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार किसान, महिला, युवा और गरीब सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री बुधवार को पांढुर्णा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, प्राकृतिक खेती और किसान हितैषी योजनाओं से जोड़ने का काम किया जा रहा है। पांढुर्णा जिला गेहूं, मक्का, चना, तुअर और संतरा उत्पादन के लिए महत्वपूर्ण है। यहां खेती-किसानी के साथ किसानों की आय और दुग्ध उत्पादन में भी लगातार वृद्धि हो रही है।

कम वर्षा की स्थिति में किसानों को मिलेगी हर संभव मदद

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए सर्वे कराया जा रहा है। इसके आधार पर किसानों को हरसंभव सहायता और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

प्राकृतिक खेती से सालाना 2.5 लाख रुपये तक कमा रहे किसान

बलराम कृषि महोत्सव में पांढुर्णा जिले के उन्नतशील किसानों ने मुख्यमंत्री से संवाद कर खेती में किए जा रहे नवाचारों और अपनी सफलता के अनुभव साझा किए। ग्राम भुम्मा, विकासखंड सौंसर के किसान मटरूलाल डोंगरे ने बताया कि वे प्राकृतिक खेती से हल्दी, अरहर और गेहूं का उत्पादन कर रहे हैं। इसके साथ ही उत्पादों का मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन) करके प्रतिवर्ष 2 से 2.5 लाख रुपये का शुद्ध लाभ कमा रहे हैं। उनके प्राकृतिक उत्पाद जापान और ऑस्ट्रेलिया तक पहुंच रहे हैं।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

वहीं, ग्राम तिगांव के किसान नरेंद्र ठाकरे 16 एकड़ में संतरे का उत्पादन कर प्रतिवर्ष 15 से 20 लाख रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। वे संतरे की खेती के साथ पशुपालन और सब्जी उत्पादन भी कर रहे हैं।

350 महिलाओं को जोड़कर बना रहीं खादी और सीड ज्वेलरी

ग्राम पारडसिंगा की रोशनी नरवरे ने बताया कि वे 14 गांवों की 350 महिलाओं को जोड़कर देशी कपास से खादी, सीड बॉल और सीड ज्वेलरी बनवा रही हैं। इन उत्पादों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बेचा जा रहा है, जिससे जुड़ी महिलाएं अच्छी आय अर्जित कर रही हैं। इसी तरह पांढुर्णा के किसान कृष्ण कुमार रबड़े ने पीएमएफएमई योजना का लाभ लेकर दुग्ध प्रसंस्करण इकाई स्थापित की है। यहां वे पनीर, श्रीखंड, घी और मावा का उत्पादन कर प्रतिवर्ष 8 से 10 लाख रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। उनकी इकाई से 8 से 10 लोगों को रोजगार भी मिला है।

ग्राम पिपलानी के किसान विजेश भादे ने बताया कि उन्होंने आत्मा योजना के तहत बीआरसी सेंटर स्थापित किया है। वे 2.5 एकड़ में जैविक खेती कर रहे हैं। पशुपालन और उद्यानिकी के साथ समन्वित खेती अपनाकर प्रतिवर्ष 3 से 4 लाख रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं।

कृषि आधारित उद्योगों से युवाओं को मिल रहे रोजगार

पांढुर्णा जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि जिला खेती के साथ कृषि आधारित उत्पादों के निर्माण में भी आगे बढ़ रहा है। यहां स्थापित विभिन्न कृषि आधारित इकाइयों से युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों को उनकी संपत्ति की नि:शुल्क रजिस्ट्री की सुविधा देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने किसानों को आधुनिक और उन्नत खेती के नवाचारों से जोड़ने तथा बलराम जयंती को किसान दिवस घोषित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

किसानों, विद्यार्थियों और पशुपालकों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत उत्कृष्ट देशी गाय पालने वाले पांच पशुपालकों को भी सम्मान मिला। महोत्सव में उपस्थित किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, कृषि यंत्रीकरण और शासन की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ संयोजक एवं प्रदेश प्रभारी बलराम कृषि महोत्सव कपिल यार्दे, पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड़, संदीप मोहोड़, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप घाटोडे, जनपद अध्यक्ष लताबाई तुमडॉम सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture