राज्य कृषि समाचार (State News)

मछली उत्पादन के क्षेत्र में बालाघाट को देश में मिला प्रथम स्थान

  • (श्याम सूर्यवंशी)

1 दिसम्बर 2021, बालाघाट । मछली उत्पादन के क्षेत्र में बालाघाट को देश में मिला प्रथम स्थान – स्वच्छता के बाद मप्र के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। प्रदेश के बालाघाट जिले को मत्स्य विकास क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए देश में प्रथम स्थान मिला है। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में विश्व मत्स्य दिवस पर बालाघाट जिले को प्रथम पुरस्कार दिया गया। सर्वे में शामिल देश के 70 जिलों में बालाघाट को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। भारत सरकार द्वारा पुरस्कार स्वरूप 3 लाख रूपये और मोमेंटो प्रदान किया गया। संचालक मत्स्योद्योग श्री भरत सिंह, उप संचालक मत्स्योद्योग बालाघाट श्रीमती शशि प्रभा ने यह पुरस्कार प्राप्त किया।

जल संसाधन, मछुआ कल्याण और मत्स्य विकास मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने इस उपलब्धि पर विभाग के संचालक श्री भरत सिंह सहित सभी अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे पुरस्कार से अधिकारी और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है और विभागीय योजनाओं में अच्छे परिणाम प्राप्त होते हैं। संचालक श्री भरत सिंह ने बताया कि आरएएस, बायोफ्लाक, केज एवं महिलाओं तथा बच्चों की आर्थिक उन्नति के लिए उत्कृष्ट कार्य करने के लिए बेस्ट इनलेंड स्टेट का पुरूस्कार बालाघाट जिले को मिला है। बालाघाट द्वारा विगत तीन वर्षों में 2 फीड मिल, 23 रिटेल मार्केट, 2 कियोस्क, 10 बायोफ्लाक, 280 टू-व्हीलर्स, 5 थ्री व्हीलर्स, 160 केज कल्चर आदि वितरित/स्थापित कराए गए हैं। पीएमएमएसवाय योजना में 2288 एवं बचत-सह-राहत योजना में 7292 हितग्राहियों को लाभ पहुँचाया गया है।

Advertisements