राज्य कृषि समाचार (State News)

बालाघाट: ‘चौपाल एवं खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत किसान बैठक आयोजित

01 जुलाई 2026, बालाघाटबालाघाट: ‘चौपाल एवं खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत किसान बैठक आयोजित – किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने, उत्पादन लागत कम करने तथा टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में  गत दिनों  बालाघाट विकासखंड की ग्राम पंचायत मोतेगांव में ‘चौपाल एवं खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत किसान बैठक का आयोजन किया गया।

उप संचालक कृषि श्री फूल सिंह मालवीय ने बताया कि बैठक में उपस्थित किसानों को खरीफ सीजन के लिए विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं नवीन कृषि तकनीकों की विस्तार से जानकारी दी गई। किसानों को विशेष रूप से डायरेक्ट सीडेड राइस (डीएसआर) पद्धति से धान की बुवाई के लाभों से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि डीएसआर तकनीक अपनाने से पानी की बचत होती है, श्रम एवं उत्पादन लागत में कमी आती है तथा समय पर बुवाई होने से फसल की उत्पादकता में भी वृद्धि होती है।बैठक में किसानों को प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित खेती के लाभ बताए गए। अधिकारियों ने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बनाए रखती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और मानव स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।

कृषकों को पराली प्रबंधन के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि फसल अवशेषों को जलाने के बजाय खेत में ही वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करने से मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार होता है, जैविक कार्बन की मात्रा बढ़ती है तथा पर्यावरण प्रदूषण से भी बचाव होता है।बैठक में किसानों को ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से उर्वरकों के वितरण की प्रक्रिया समझाई गई, ताकि उन्हें समय पर और पारदर्शी तरीके से खाद उपलब्ध हो सके। साथ ही विभाग के पास उपलब्ध विभिन्न फसलों के प्रमाणित बीजों की जानकारी देकर गुणवत्तायुक्त बीजों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं, अनुदान, बीज वितरण, कृषि यंत्रीकरण, प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण एवं अन्य किसान हितैषी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। किसानों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।कृषि विभाग ने किसानों से अपील की कि वे आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाएं तथा शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपनी आय में वृद्धि करें। चौपाल में उपस्थित किसानों ने भी विभाग की पहल की सराहना करते हुए आधुनिक खेती की तकनीकों को अपनाने का संकल्प लिया।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture