झाबुआ में जैविक उपज विक्रय हाट बाजार का आयोजन
10 दिसंबर 2025, झाबुआ: झाबुआ में जैविक उपज विक्रय हाट बाजार का आयोजन – जिले में प्राकृतिक खेती तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत जैविक हाट बाजार शुरू किया गया है। इसमें बिना रासायनिक खाद के उगाए गए दाले, मसाले, फल, सब्जी, अनाज की बिक्री की जा रही है। जैविक उपज बाजार का संचालन जैविक, पारंपरिक, प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों द्वारा किया गया।
जिला कलेक्टर नेहा मीना द्वारा विशेष पहल करते हुए जिले में जैविक उपज का साप्ताहिक बाजार लगाने के निर्देश कृषि, उद्यानिकी, आजीविका मिशन, मंडी जैसे विभागों को दिए गए।निर्देशों के पालन में 07 दिसंबर,रविवार को कृषि उपज मंडी झाबुआ में पृथक से जैविक उपज का हाट बाजार लगाया गया। जैविक बाजार में अंचल के जैविक और प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों, आजीविका मिशन के समूह सदस्यों ने अपनी गुणवत्ता और पोषण से युक्त खाद्यान सामग्री आमजन को विक्रय के लिए उपलब्ध कराई। साप्ताहिक रूप से पृथक से लगाए गए जैविक उपज बाजार में किसानों द्वारा अपने खेत में उगाई अरहर, उड़द, मूंग की जैविक दाले, देशी किस्म की सेम, भिंडी, बैगन, अमरूद, देशी टमाटर, रागी, देशी मक्का, गाजर, मक्का के भुट्टे जैसे उत्पाद सुलभ कराए गए थे। इन जैविक उत्पादों की गुणवत्ता जिला मुख्यालय के आमजनों के लिए आकर्षण का केंद्र रही।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जितेंद्र सिंह चौहान, अपर जिला दंडाधिकारी श्री सी एस सोलंकी, उप संचालक कृषि श्री एन एस रावत, एसडीएम झाबुआ श्री भास्कर गाचले ने स्वयं जैविक उपज बाजार में उपस्थित होकर अंचल के किसानों का उत्साहवर्धन करते हुए जैविक उपज सीधे किसानों से खरीदी। जैविक उपज क्रय करने में उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ दिवाकर, मेडिकल डॉ तिवारी, डॉ जगदीश सिसोदिया सहित शहर के कई प्रबुद्धजन अग्रणी रूप से दिखाई दिए। श्री चौहान ने कहा कि हर आम जागरूक व्यक्ति बिना रासायनिक खाद के पैदा किए गए खाद्यान्न, फल और सब्जी का उपयोग करना चाहता है। जिले में कई किसान, स्वयं सहायता समूह जैविक और प्राकृतिक खेती के माध्यम से सब्जियों, फलों तथा कोदो, कंगनी, रागी जैसे अनाजों की खेती कर रहे हैं। जैविक बाजार के माध्यम से इन किसानों को अपने जैविक उत्पादों की बिक्री के लिए उचित स्थान मिलेगा जिससे जैविक खेती करने वाले किसानों को अपनी उपज का समुचित दाम प्राप्त होने से उनके जैविक खेती करने के मनोयोग को संबल मिलेगा, अन्य कृषक भी जैविक खेती करने के लिए प्रोत्साहित होंगे। किसानों के मध्य जैविक और प्राकृतिक उत्पाद बेचने के लिए भरपूर उत्साह था और उनके द्वारा आम जनता से इस सुविधा का लाभ उठाने का आव्हान भी किया। जैविक बाजार में अपनी उपज विक्रय करने के लिए खेड़ी के विमल भाबोर, गंगा, छोटी सजवानी के धन्ना सुखिया, पारसिंह डामोर, फूलधावड़ी के राजू डामोर, झिरी के तोलसिंह परमार, कालापीपल से शैतान खूना, उमरी की कसनी बाई, टेमरिया के दशरथ आंजना, कृषि सखी हीरा बाई, वर्षा तोलसिंह जैसे किसान और आजीविका श्री राम स्व सहायता समूह के सदस्यों ने अपनी उपज विक्रय के लिए भागीदारी दर्ज की।
जैविक उपज क्रय करने में उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ दिवाकर, मेडिकल डॉ तिवारी, डॉ जगदीश सिसोदिया सहित शहर के कई प्रबुद्धजन अग्रणी रूप से दिखाई दिए। माह के प्रथम रविवार को आयोजित होने वाले जैविक बाजार में कृषि विभाग के सहायक संचालक एस एस रावत, एम एस धार्वे, एल एस चारेल, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विजय मोरे, वरिष्ठ उद्या न अधिकारी दयाराम चौहान, उद्यानिकी के तकनीकी सहायक बल्लू सिंह चौहान, कृषि विकास अधिकारी मुकेश झणीया, तकनीकी प्रबंधक रवि जाट, भानुप्रिया बावनिया, मंडी सचिव संजीवन चारेल, मंडी निरीक्षक अनिल गणावा, आजीविका मिशन से तृप्ति बैरागी द्वारा सक्रिय सहभागिता दर्ज करते हुए भूमिका निर्वाह की गई। जैविक उपज बाजार आयोजन में कृषि, मंडी समिति, उद्यानिकी विभाग, आजीविका मिशन के अमले सहित किसान तथा व्यापारी उपस्थित रहे। हाट बाजार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कृषि विभाग तथा कृषि उपज मण्डी झाबुआ द्वारा की गई है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


