विदिशा में कृषि कल्याण शिविर आयोजित, किसानों को आधुनिक तकनीक और कृषि योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
23 जनवरी 2026, विदिशा: विदिशा में कृषि कल्याण शिविर आयोजित, किसानों को आधुनिक तकनीक और कृषि योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी – विदिशा जिले के शमशाबाद तहसील के ग्राम भियाखेड़ी में आज कृषि कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कृषि वैज्ञानिक डॉ. योगेश पटेल सहित कृषि एवं अन्य विभागों के खंड स्तरीय अधिकारियों ने सहभागिता कर किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान की।
शिविर के दौरान कृषि रथ के माध्यम से किसानों को विभागीय योजनाओं, नवीन कार्यक्रमों एवं लाभकारी कृषि तकनीकों के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया। उपस्थित अधिकारियों ने शासन की मंशा को रेखांकित करते हुए योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन एवं लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने हेतु किसानों एवं मैदानी अमले को अभिप्रेरित किया। अधिकारियों द्वारा किसानों से योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने, समय पर पंजीयन कराने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर किसानों की समस्याएं भी सुनी गईं एवं उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कृषि कल्याण शिविर में बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर किसानों के सर्वांगीण विकास, आय में वृद्धि एवं कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के उद्देश्य से विभिन्न निर्णय बिंदुओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत कृषि उत्पादन बढ़ाने, उन्नत बीजों एवं आधुनिक तकनीकों के उपयोग को प्रोत्साहित करने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, मृदा स्वास्थ्य परीक्षण, फसल बीमा तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि किसानों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
इसके साथ ही कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, सहकारिता एवं अन्य संबद्ध विभागों के समन्वय से विशेष शिविर, जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे, जिससे योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचे और शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित हो सके। कृषक कल्याण वर्ष के माध्यम से राज्य सरकार का उद्देश्य किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना, खेती की लागत कम करना एवं किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम में कृषि विभाग नटेरन के प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री जगदीश गुर्जर, कृषि विस्तार अधिकारी सत्यम नेमा, अभिषेक जैन, विकास शाक्य, लक्ष्मण सिंह गुर्जर,संगम रघुवंशी, सुश्री तुलसा, राघवेंद्र अहिरवार, अनिल बघेल, रजत जैन, शालिनी रघुवंशी, मंडी से जगमोहन शर्मा, क्षेत्रीय पटवारी तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

