राज्य कृषि समाचार (State News)

किसानों के लिए अलर्ट: सरकारी योजना के नाम पर आने वाले कॉल से रहें सावधान, निजी जानकारी न करें साझा

04 जुलाई 2026, भोपालकिसानों के लिए अलर्ट: सरकारी योजना के नाम पर आने वाले कॉल से रहें सावधान, निजी जानकारी न करें साझा – किसानों और कृषि से जुड़ी हितग्राही योजनाओं के नाम पर हो रही साइबर ठगी को देखते हुए कृषि अभियांत्रिकी विभाग ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर आने वाले अनजान फोन कॉल, व्हाट्सएप कॉल या सोशल मीडिया के माध्यम से किए जाने वाले संपर्क से सतर्क रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।

कस्टम हायरिंग सेंटर योजना के नाम पर हो रही ठगी

कृषि अभियांत्रिकी विभाग के संचालक ने बताया कि कुछ साइबर ठग स्वयं को विभागीय अधिकारी बताकर किसानों से संपर्क कर रहे हैं। वे कस्टम हायरिंग सेंटर योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर किसानों को ठगने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिसके बाद विभाग ने यह एडवाइजरी जारी की है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कस्टम हायरिंग सेंटर योजना की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है। इस योजना के तहत विभाग की ओर से किसी भी हितग्राही को फोन कर योजना का लाभ दिलाने या किसी प्रकार की जानकारी मांगने के लिए संपर्क नहीं किया जाता।

अनजान कॉल और व्हाट्सएप कॉल से रहें सतर्क

विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि अनजान नंबरों से आने वाले फोन कॉल, व्हाट्सएप कॉल, वीडियो कॉल या सोशल मीडिया के माध्यम से किए जाने वाले संपर्क पर भरोसा न करें। विशेष रूप से 07056847570, 07088438459, 0756847570 और 9520711020 जैसे नंबरों से कॉल आने पर उन्हें रिसीव न करने की सलाह दी गई है।

साइबर ठगी होने पर यहां करें शिकायत

यदि किसी किसान के साथ साइबर ठगी की घटना होती है, तो उसकी जानकारी तुरंत अपने नजदीकी पुलिस थाने में दें। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture