राज्य कृषि समाचार (State News)

ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियों का इंदौर में कृषि सचिव श्री वरवड़े ने लिया जायजा

05 जून 2026, इंदौर: ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियों का इंदौर में कृषि सचिव श्री वरवड़े ने लिया जायजा – इंदौर में 9 जून से प्रारंभ होने वाले अंतरराष्ट्रीय महत्व के ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सम्मेलन के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न स्तरों पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में मध्यप्रदेश शासन के कृषि विभाग के सचिव श्री निशांत वरवड़े गुरुवार को इंदौर पहुंचे और आयोजन से जुड़े विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान श्री वरवड़े ने सम्मेलन से संबंधित तैयारियों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थलों पर अतिथियों के स्वागत, आवास, परिवहन, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सभी व्यवस्थाएं समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एमडी मंडी श्री कुमार पुरुषोत्तम, एमडी पर्यटन श्री दिलीप यादव, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन, स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री अर्थ जैन, कृषि विभाग के उप सचिव श्री रोहित सिसोनिया, संयुक्त संचालक कृषि श्री आलोक मीणा, उप संचालक कृषि श्री सी.एल. केवड़ा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

श्री निशांत वरवड़े ने होटल शेरेटन, मैरियट होटल तथा ग्रामीण हाट बाजार सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से सम्मेलन के दौरान आने वाले राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने को कहा।

उल्लेखनीय है कि ब्रिक्स सम्मेलन के आयोजन से इंदौर को वैश्विक स्तर पर अपनी कृषि, नवाचार एवं विकास उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त होगा। सम्मेलन में विभिन्न देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिससे कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में ज्ञान और अनुभवों का आदान-प्रदान भी होगा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture