कृषि यंत्र अनुदान योजना 2026: खेती की इन मशीनों पर मिलेगा अनुदान, जानें आवेदन की अंतिम तिथि
24 जुलाई 2026, भोपाल: कृषि यंत्र अनुदान योजना 2026: खेती की इन मशीनों पर मिलेगा अनुदान, जानें आवेदन की अंतिम तिथि – किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराकर खेती को अधिक आसान, तेज और लाभकारी बनाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश कृषि अभियांत्रिकी विभाग ने कृषि यंत्र अनुदान योजना 2026 के तहत विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक किसान 28 जुलाई 2026 तक ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
सहायक कृषि यंत्री कृति पाण्डेय ने बताया कि इस चरण में विभाग द्वारा पैडी राइस ट्रांसप्लांटर (राइडिंग टाइप), पैडी राइस ट्रांसप्लांटर (वॉक बिहाइंड टाइप) और रिजर मशीन पर अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। इन कृषि यंत्रों के उपयोग से धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्य कम समय में, कम श्रम और अधिक दक्षता के साथ किए जा सकेंगे, जिससे किसानों की लागत में कमी आएगी।
इन कृषि यंत्रों पर मिलेगा अनुदान
योजना के तहत आवेदन करने वाले किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) जमा करना होगा। पैडी राइस ट्रांसप्लांटर (राइडिंग टाइप) के लिए 15 हजार रुपये, पैडी राइस ट्रांसप्लांटर (वॉक बिहाइंड टाइप) के लिए 10 हजार रुपये तथा रिजर के लिए 5 हजार रुपये का डिमांड ड्राफ्ट सहायक कृषि यंत्री, कटनी के नाम से बनवाना होगा।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
ऑनलाइन आवेदन के साथ किसानों को खसरा/बी-1, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति तथा अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के किसानों के लिए जाति प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। सभी दस्तावेज सही और पूर्ण होने पर ही आवेदन पर विचार किया जाएगा।
28 जुलाई से पहले करें आवेदन
कृषि अभियांत्रिकी विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करें और शासन की इस योजना का लाभ उठाएं। विभाग के अनुसार निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे, इसलिए पात्र किसान 28 जुलाई 2026 तक आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

