राज्य कृषि समाचार (State News)

उज्जैन में जल्द शुरू होगा यूनिटी मॉल, देशभर के कुटीर एवं ग्रामोद्योग उत्पाद होंगे उपलब्ध

11 अगस्त 2026, उज्जैन: उज्जैन में जल्द शुरू होगा यूनिटी मॉल, देशभर के कुटीर एवं ग्रामोद्योग उत्पाद होंगे उपलब्ध – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि कुटीर एवं ग्रामोद्योग ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। प्रदेश के बुनकरों, शिल्पकारों और ग्रामीण कलाकारों के उत्पादों को देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ के मंत्र को साकार करने के लिए मध्यप्रदेश में ई-कॉमर्स सहित कई स्तरों पर काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय सभागार में हाथकरघा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित बुनकर एवं शिल्पी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश की हाथकरघा और हस्तशिल्प परंपरा को समृद्ध करने वाले 15 श्रेष्ठ शिल्पियों और बुनकरों को विभिन्न पुरस्कार श्रेणियों में सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बुनकर-हस्तशिल्प प्रदर्शनी का अवलोकन किया और मिट्टी से शिवलिंग भी बनाया।

इस अवसर पर कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा तैयार किए गए मृगनयनी और ओडीओपी मार्ट एमपी ई-कॉमर्स पोर्टल का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के बुनकरों, सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों से जुड़े कलाकारों तथा ओडीओपी उत्पादों को ग्लोबल मार्केट से जोड़ने में मदद मिलेगी।

16 हजार से अधिक स्थानों पर पहुंच रहे मृगनयनी के उत्पाद

मुख्यमंत्री ने कहा कि विभागीय ई-कॉमर्स पोर्टल को देश में प्रथम स्थान का पुरस्कार मिलना बड़ी उपलब्धि है। मृगनयनी पोर्टल के माध्यम से एंपोरियम के उत्पाद देश के 16 हजार से अधिक स्थानों पर पहुंचाए जा रहे हैं। पहले चरण में पोर्टल पर 460 से अधिक उत्पाद उपलब्ध कराए गए हैं।

उन्होंने कहा कि चंदेरी का कुर्ता, महेश्वर की साड़ी, बाग की शॉल, जरी के बैग, सीधी की दरी और उज्जैन का बटिक मध्यप्रदेश की समृद्ध कला और संस्कृति की पहचान हैं। सरकार इन उत्पादों की मार्केटिंग के लिए बेहतर वातावरण तैयार कर रही है।

युवाओं तक पहुंचेंगे पारंपरिक उत्पाद

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथकरघा और हस्तशिल्प केवल परंपरा नहीं, बल्कि रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। वर्तमान युवा पीढ़ी भी अब कुटीर एवं ग्रामोद्योग के उत्पादों को पसंद कर रही है। भोपाल और इंदौर के प्रमुख बाजारों के साथ अब ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से ये उत्पाद युवाओं और देशभर के ग्राहकों तक पहुंचेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सात जिलों के कारीगरों द्वारा निर्मित 2 हजार से अधिक उत्पादों की देशभर में आपूर्ति की जा रही है। चंदेरी की साड़ी, सीधी की दरी, उज्जैन का बटिक और धार का बाग प्रिंट जैसे उत्पादों को ओडीओपी के तहत विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है।

उज्जैन में जल्द शुरू होगा यूनिटी मॉल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन में यूनिटी मॉल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे अगले माह तक पूरा करने का लक्ष्य है। इस मॉल में कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से देशभर के विभिन्न राज्यों के उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे उज्जैन आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों और श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक उत्पाद खरीदने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि उज्जैन में हाल ही में हैंडलूम सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत की गई है। प्रदेश गारमेंट सेक्टर में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। धार जिले में पीएम मित्र पार्क के माध्यम से रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे और खेत से कारखाने तक पूरी वैल्यू चेन विकसित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर-उज्जैन मेट्रोपोलिटन सिटी में इंदौर, उज्जैन, धार, देवास, शाजापुर और रतलाम जिले शामिल हैं। इस क्षेत्र में एयरपोर्ट, रेलवे जंक्शन, औद्योगिक क्षेत्र और पर्यटन केंद्र मौजूद हैं, जिससे कुटीर एवं ग्रामोद्योग उत्पादों के लिए बड़ा बाजार तैयार हो रहा है।

कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में विभाग प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ई-कॉमर्स पोर्टल के साथ उत्पादों पर लेबलिंग और क्यूआर कोड के माध्यम से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी शुरू की गई है। इससे प्रदेश के पारंपरिक उत्पाद देश के विभिन्न शहरों के बाजारों तक पहुंच सकेंगे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture