राज्य कृषि समाचार (State News)

किसानों के लिए बड़ा मौका! हाईटेक हब खोलने पर मिलेगा 1.30 करोड़ रुपये तक अनुदान, आवेदन शुरू

02 जुलाई 2026, भोपाल: किसानों के लिए बड़ा मौका! हाईटेक हब खोलने पर मिलेगा 1.30 करोड़ रुपये तक अनुदान, आवेदन शुरू – मध्यप्रदेश सरकार किसानों तक आधुनिक कृषि उपकरणों की पहुंच बढ़ाने और कृषि यंत्रीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए बैंक ऋण के आधार पर हाईटेक हब स्थापित करने की योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित कर रही है। बुरहानपुर जिले के इच्छुक व्यक्तिगत आवेदक इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत कृषि यंत्रों की खरीद के लिए 1.30 करोड़ रुपये तक के अनुदान का लाभ दिया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 13 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

13 जुलाई तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

संचालनालय कृषि अभियांत्रिकी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, हाईटेक हब स्थापित करने के इच्छुक व्यक्तिगत आवेदक विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ 1 लाख रुपये की धरोहर राशि के बैंक ड्राफ्ट की फोटो अपलोड करना अनिवार्य होगा। बैंक ड्राफ्ट ‘संचालक कृषि अभियांत्रिकी, म.प्र. भोपाल’ के नाम से बनाया जाना चाहिए।

1.30 करोड़ रुपये तक मिलेगा अनुदान

योजना के तहत आवेदक कृषि यंत्रों की खरीद के लिए 1.70 करोड़ रुपये तक की परियोजना तैयार कर सकते हैं। हालांकि, अनुदान की गणना अधिकतम 1.30 करोड़ रुपये की परियोजना लागत के आधार पर ही की जाएगी।

वहीं, शुगरकेन हाईटेक हब स्थापित करने के इच्छुक आवेदकों को परियोजना के साथ संबंधित शुगर मिल से कार्य उपलब्ध होने का अनुबंध भी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

चयन के बाद हाईटेक हब नहीं बनाया तो होगी कार्रवाई

विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयनित होने के बाद यदि कोई आवेदक हाईटेक हब स्थापित नहीं करता है, तो उसकी जमा धरोहर राशि का 15 प्रतिशत राजसात कर लिया जाएगा।

ऑनलाइन आवेदन के बाद अभिलेखों का सत्यापन एवं बैंक ड्राफ्ट जमा करने की प्रक्रिया 14 और 15 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक कार्यालय कृषि यंत्री/कार्यपालन यंत्री, इंदौर में की जाएगी।

17 जुलाई को कंप्यूटरीकृत लॉटरी से होगा चयन

हाईटेक हब के लिए प्राथमिकता सूची का निर्धारण 17 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे संचालनालय कृषि अभियांत्रिकी, भोपाल में कंप्यूटरीकृत लॉटरी पद्धति से किया जाएगा।

योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक आवेदक कार्यालय सहायक कृषि यंत्री, बुरहानपुर के मोबाइल नंबर 87705-33488 पर संपर्क कर सकते हैं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture