राज्य कृषि समाचार (State News)

किसान दिवस पर किसानों को बड़ी सौगात, बैंक ऑफ इंडिया ने किसानों को दिए ₹35 करोड़ के कृषि ऋण

21 जुलाई 2026, भोपाल: किसान दिवस पर किसानों को बड़ी सौगात, बैंक ऑफ इंडिया ने किसानों को दिए ₹35 करोड़ के कृषि ऋण – बैंक ऑफ इंडिया के धार आंचल की ओर से किसान हित, ग्रामीण विकास और कृषि समृद्धि को समर्पित किसान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को बड़ी सौगात देते हुए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), कृषि वाहन ऋण, पॉलीहाउस ऋण और अन्य कृषि एवं कृषि-संबद्ध योजनाओं के तहत करीब 35 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए। बैंक अधिकारियों ने किसानों से आधुनिक खेती अपनाने और बैंक की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील भी की।

कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया के प्रधान कार्यालय से महाप्रबंधक सतीश कुमार और मध्यप्रदेश शासन की सहायक संचालक (कृषि) संगीता तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर आंचलिक प्रबंधक अखिलेश कुमार, उप-आंचलिक प्रबंधक अरुण कुमार जैन, देवानंद गुप्ता, जिला अग्रणी प्रबंधक बलराम बैरागी सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

आधुनिक खेती के लिए बैंक दे रहा हर संभव सहयोग

कार्यक्रम की शुरुआत में आंचलिक प्रबंधक अखिलेश कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि बैंक ऑफ इंडिया किसानों को पॉलीहाउस, उन्नत सोयाबीन खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों और विभिन्न कृषि ऋण योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक भविष्य में भी किसान कल्याण और ग्रामीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।

महाप्रबंधक सतीश कुमार ने किसानों से सीधे संवाद करते हुए कृषि क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने बैंक ऑफ इंडिया की कृषि एवं ग्रामीण विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि बैंक किसानों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों के सुझाव भी सुने और भरोसा दिलाया कि उनकी जरूरतों के अनुसार बैंकिंग सेवाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।

KCC, पॉलीहाउस और कृषि वाहन ऋण का मिला लाभ

कार्यक्रम के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), कृषि वाहन ऋण, पॉलीहाउस ऋण सहित विभिन्न कृषि और कृषि-संबद्ध योजनाओं के तहत लगभग 35 करोड़ रुपये के ऋण किसानों को वितरित किए गए। ऋण प्राप्त करने वाले किसानों ने बैंक की योजनाओं से मिल रहे लाभ और अपने अनुभव भी साझा किए।

महाप्रबंधक ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और बैंक की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया, ताकि खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।

ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को मजबूत बनाने पर जोर

कार्यक्रम के बाद महाप्रबंधक सतीश कुमार ने बैंक ऑफ इंडिया के बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट (बीसी) प्वाइंट का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की और वित्तीय समावेशन को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के अंत में उप-आंचलिक प्रबंधक अरुण कुमार जैन ने सभी अतिथियों और किसानों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बैंक ऑफ इंडिया भविष्य में भी किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण, आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने और ग्रामीण विकास के लिए इसी तरह कार्य करता रहेगा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture