State News (राज्य कृषि समाचार)

मध्यप्रदेश में 20 लाख हेक्टेयर में हुई बुवाई

Share

भोपाल। चालू रबी सीजन में फसलों की बुवाई ने रफ्तार पकडऩा शुरू कर दिया है। प्रदेश में अतिवृष्टि के कारण खरीफ फसलों की कटाई में देरी की वजह से रबी की बोनी पिछड़ रही है। वैसे इस वर्ष पर्याप्त नमी के कारण बेहतर उत्पादन की संभावना है। अब तक म.प्र. में 20.67 लाख हे. में बुवाई हुई है जबकि गत वर्ष इस अवधि में 31.86 लाख हेक्टेयर में बोनी कर ली गई थी।
प्रदेश में रबी फसलों का सामान्य क्षेत्र 107 लाख 74 हजार हेक्टेयर है। गत वर्ष 116.70 लाख हेक्टेयर में बोनी की गई थी जबकि इस वर्ष 119.18 लाख हेक्टेयर में रबी फसलें ली जाएंगी। कृषि विभाग के मुताबिक अब तक 20.67 लाख हेक्टेयर में बोनी कर ली गई है। इसमें राज्य की प्रमुख रबी फसल गेहूं की बोनी 6.24 लाख हेक्टेयर में हुई है। जबकि गत वर्ष अब तक 9.20 लाख हे. में गेहूं बोया गया था। दूसरी प्रमुख फसल चने की बोनी अब तक 6.50 लाख हेक्टेयर में हो गई है जो गत वर्ष समान अवधि में 13.63 लाख हे. में हुई थी। अन्य फसलों में अब तक मटर 86 हजार हे. में, मसूर 1.43 लाख हे. में बोई गई है। राज्य की प्रमुख तिलहनी फसल सरसों की बोनी 4.62 लाख हे. में हुई है जबकि इस वर्ष 7.50 लाख हे. लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश में अब तक कुल खाद्यान्न फसलें 6.52 लाख हे. में, दलहनी फसलें 8.84 लाख हे. में एवं तिलहनी फसलें 5.07 लाख हे. में बोई गई हैं।

Share
Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *