‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के पांचवें दिन बिहार के किसानों से मिले श्री शिवराज सिंह
पूर्वी चम्पारण के पीपराकोठी के कृषि विज्ञान केंद्र में हुआ आयोजन
03 जून 2025, नई दिल्ली: ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के पांचवें दिन बिहार के किसानों से मिले श्री शिवराज सिंह – ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ को लेकर देशभर के किसानों में उत्साह जारी है। इसी कड़ी में आज केंद्रीय कृषिमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अभियान के पांचवें दिन बिहार, पूर्वी चम्पारण के पीपराकोठी में किसानों से संवाद किया। ओडिशा, जम्मू, हरियाणा, उत्तर-प्रदेश के किसानों के बाद आज श्री शिवराज सिंह चौहान बिहार के किसानों से मिले।इस अवसर पर श्री चौहान ने कहा कि पूर्वी चम्पारण की पीपराकोठी पुण्य भूमि है। इसी पावन धरती से महात्मा गांधी ने सत्याग्रह और अहिंसा का मंत्र पूरी दुनिया को दिया। मैं आज यहां आकर बेहद अभिभूत हूं।
श्री सिंह ने कहा कि कृषि मंत्री का मतलब होता है किसानों का पहला सेवक। कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसकी आत्मा। विकसित भारत का संकल्प, विकसित कृषि और समृद्ध किसान से मिलकर ही पूरा हो सकता है, जिसके लिए हमें मिलकर प्रयास करने होंगे। आज लीची की पैदावार करने वाले किसानों से संवाद भी किया। उन्होंने संबोधन के दौरान कहा कि लीची के किसानों ने मुझसे समस्या साझा की है। लीची के जल्दी खराब होने की प्रवृत्ति के कारण पैदावार को 48 घंटों के भीतर बेचना होता है, जिस कारण कभी—कभी कम दाम मिलते है। इस समस्या को दूर करने के लिए हम कदम उठाएंगे। इस संबंध में केंद्रीय कृषि मंत्री ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के वैज्ञानिकों से शोध करने और ऐसी तकनीकों को अपनाने का निर्देश दिया जिससे लीची जल्दी खराब न हो, और किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिल सके। इस दिशा में कोल्ड स्टोरेज की संख्या में वृद्धि की भी बात कही।
श्री शिवराज सिंह ने बासमती के साथ-साथ चावल की अन्य किस्मों में भी उत्पादन वृद्धि के लिए वैज्ञानिकों को शोध करने एवं उन्नत किस्म के बीज विकसित करने के निर्देश दिए। श्री चौहान ने कहा कि बिहार में किसानों के पास छोटे-छोटे खेत है लेकिन इसके बावजूद बिहार के किसान धरती से सोना उगा रहे हैं। श्री चौहान ने हाल ही में चावल की दो नई किस्मों के विकसित किए जाने की भी जानकारी दी और बताया कि शोध के जरिए ऐसे दो नई किस्मों का निर्माण किया गया है जिसमें पानी भी 20 प्रतिशत कम लगेगा और उत्पादन 30 प्रतिशत बढ़ जाएगा।
श्री शिवराज सिंह ने कहा कि नकली कीटनाशक बनाने वाली कंपनियों के खिलाफ सख्त कदम उठाएं जा रहे हैं। नकली कीटनाशक बनाने वालों के प्रति सख्त कार्रवाई की जाएगी, किसी को छोड़ा नहीं जाएगा। श्री चौहान ने कहा कि खेती में चमत्कार और गंगा व जमुना की भांति ‘लैंब को लैंड’ से जोड़ने के लिए ही ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ बनाया गया है। इस अभियान के तहत 16 हजार वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं से निकलकर गांव-गांव जाकर किसानों से बात कर रहे हैं।
(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, टेलीग्राम, व्हाट्सएप्प)
(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)
कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:
www.krishakjagat.org/kj_epaper/
कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: