Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

प्रदेश में गेहूं की रिकॉर्ड तोड़ बुवाई

लक्ष्य से 122 फीसदी अधिक

भोपाल। मध्य प्रदेश में चालू रबी सीजन 2019-20 में किसानों ने नमी का भरपूर फायदा उठाते हुए गेहूं की रिकॉर्ड तोड़ बोनी की है। प्रदेश में गेहूं का समान क्षेत्र 59.79 लाख हेक्टेयर है। इस वर्ष 64 लाख हेक्टेयर में गेहूं लेने का लक्ष्य रखा गया था। इसके विरुद्ध 78.07 लाख हेक्टेयर में बोनी हो गई है, लक्ष्य के विरुद्ध 122 फीसदी है। वहीं राज्य में कुल रबी बोनी 123.88 लाख हेक्टेयर में कर ली गई है जबकि गत वर्ष इस अवधि में 112.29 लाख हेक्टेयर में बोनी की गई थी। यह बुवाई गत वर्ष की तुलना में लगभग 11 लाख हेक्टेयर अधिक है।
अब तक प्रदेश में 78.07 लाख हेक्टेयर में गेहूं बोया गया है जो गत वर्ष की तुलना में लगभग 20 लाख हेक्टेयर अधिक है। परंतु दूसरी तरफ दलहनी एवं तिलहनी फसलों की बोनी कम हुई है। प्रदेश में रबी फसलों का सामान्य क्षेत्र 107.74 लाख हेक्टेयर है। इस वर्ष 119.18 लाख हेक्टेयर में रबी फसलें लेने का लक्ष्य रखा गया है। इसके विरूद्ध अब तक 123.88 लाख हेक्टेयर में बोनी की गई है। इसमें रबी की प्रमुख फसल गेहूं की बोनी अब तक 78.07 लाख हेक्टेयर में कर ली गई है। जबकि गत वर्ष अब तक गेहूं 58.30 लाख हेक्टेयर में बोया गया था।

मध्य प्रदेश मे बुवाई स्थिति 
6 जनवरी तक (लाख हे. में)
फसललक्ष्यबोनी
गेहूं6478.07
जौ1.351.18
चना34.1527.35
मटर3.52.57
मसूर5.54.81
सरसों7.57.03
गन्ना10.94

राज्य में रबी की दूसरी प्रमुख फसल चने की बोनी इस वर्ष कम हुई है। अब तक 27.35 लाख हेक्टेयर में बोनी की गई है जबकि गत वर्ष इसकी बोनी 33.99 लाख हेक्टेयर में कर ली गई थी। राज्य में इस वर्ष 34.15 लाख हेक्टेयर में चना बोने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रदेश में अन्य फसलों के तहत अब तक जौं 1.18 लाख हेक्टेयर में, मटर 2.57, मसूर 4.81, सरसों 7.03 लाख हेक्टेयर में एवं गन्ना 94 हजार हेक्टेयर में बोया गया है। इस प्रकार राज्य में अब तक कुल अनाज फसलें 114.46 लाख हेक्टेयर में बोई गयी हैं जबकि गत वर्ष इस समय तक 101.97 लाख हेक्टेयर में बोनी की गई थी। इसी प्रकार दलहनी फसलें 35.21 लाख हेक्टेयर में एवं तिलहनी फसलें 8.49 लाख हेक्टेयर में बोयी गयी है।