Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

11 साल में 44% खाद्यान्न उत्पादन बढ़ा – केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह

इंदौर में सोयाबीन उत्पादकता बढ़ाने पर बृहद बैठक, मंत्री शिवराज बोले – अब कृषि शोध के मुद्दे किसानों से बात करके होंगे तय

27 जून 2025, इंदौर: 11 साल में 44% खाद्यान्न उत्पादन बढ़ा – केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार, 26 जून को इंदौर में आयोजित एक बृहद संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस बैठक का उद्देश्य – सोयाबीन की घटती उत्पादकता, लागत और गुणवत्ता से जुड़ी समस्याओं पर समाधान खोजना था। देश के चार राज्यों के वैज्ञानिक, किसान प्रतिनिधि, एफपीओ, एनजीओ और कृषि अधिकारी इस चर्चा में शामिल हुए।

बैठक में मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि देश को विकसित बनाने के लिए विकसित कृषि और समृद्ध किसान जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि अब कृषि शोध दिल्ली से नहीं, खेत से तय होंगे।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

11 साल में 44% बढ़ा खाद्यान्न उत्पादन

श्री चौहान ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में देश का खाद्यान्न उत्पादन 44 प्रतिशत बढ़ा है। यह किसानों की मेहनत और केंद्र सरकार की नीतियों का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का फोकस अब उत्पादन बढ़ाने, लागत घटाने, नुकसान की भरपाई करने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

देशभर में किसानों से मिला फीडबैक

‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के तहत देश की 2,170 टीमों ने गांव-गांव जाकर 1.35 करोड़ किसानों से सीधा संवाद किया। इस दौरान सामने आया कि कई राज्यों में लाल सड़न, अमानक बीज, बीजों की उपलब्धता की कमी और उत्पादकता में गिरावट जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
कृषि मंत्री ने स्पष्ट कहा कि अब वैज्ञानिक खेतों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए शोध करेंगे। किसान ही सबसे बेहतर जानकार हैं और उन्होंने कई नवाचार किए हैं। इन्हीं से प्रेरणा लेकर शोध की दिशा तय की जाएगी।

सोयाबीन उत्पादन बढ़ाने के लिए नई रणनीति

बैठक में चर्चा हुई कि सोयाबीन की प्रति हेक्टेयर उत्पादकता बढ़ाने के लिए कई उपाय जरूरी हैं। इसमें जीनोम एडिटिंग से बीज सुधार, जड़ सड़न से बचाव की तकनीक, बीज उपचार, और मैकेनाइजेशन जैसे विषयों पर काम किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि सोयाबीन प्रोटीन का बड़ा स्रोत है। इससे बनने वाले उत्पाद जैसे टोफू, सोया मिल्क और सोया खली के माध्यम से निर्यात और वैल्यू एडीशन को बढ़ावा दिया जाएगा।

प्रगतिशील किसानों से मिलेगी प्रेरणा

कुछ किसानों ने बताया कि उन्होंने 20 क्विंटल प्रति एकड़ तक सोयाबीन उत्पादन किया है। मंत्री ने कहा कि ऐसे सफल किसानों की तकनीक को बाकी किसानों तक पहुंचाया जाएगा।

अब मेरठ में होगा गन्ने पर संवाद

श्री शिवराज सिंह ने बताया कि इंदौर के बाद अगला संवाद कपास पर कोयंबटूर, गन्ने पर मेरठ और दलहन पर कानपुर में आयोजित होगा। उन्होंने अंत में दोहराया कि “एक राष्ट्र, एक कृषि, एक टीम” के मंत्र के साथ सभी को मिलकर समग्र कृषि विकास के लिए काम करना होगा।

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम, व्हाट्सएप्प)

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.krishakjagat.org/kj_epaper/

कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.global-agriculture.com