Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

अनुकूल मानसून और सरकारी योजनाओं से कृषि क्षेत्र में नई प्रगति: कृषि मंत्री की समीक्षा बैठक में जानकारी

खरीफ में बेहतर बुवाई, रबी सीजन के लिए अनुकूल हालात; प्रधानमंत्री के प्रति खाद सब्सिडी के लिए आभार व्यक्त किया

29 अक्टूबर 2025, नई दिल्ली: अनुकूल मानसून और सरकारी योजनाओं से कृषि क्षेत्र में नई प्रगति: कृषि मंत्री की समीक्षा बैठक में जानकारी – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने देश के कृषि क्षेत्र की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अनुकूल मानसून, पर्याप्त वर्षा और जलाशयों में बेहतर जल संग्रह से खेती को बड़ी मदद मिली है। इससे खरीफ की बुवाई समय पर पूरी हो सकी है और रबी सीजन के लिए भी पर्याप्त नमी उपलब्ध है।

बैठक में जानकारी दी गई कि खरीफ 2025 के दौरान प्रमुख फसलों की बुवाई संतोषजनक रही है। धान की बुवाई का कुल क्षेत्र 441.58 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा है, जो पिछले वर्ष से अधिक है। तिलहनी फसलें, विशेष रूप से सोयाबीन और मूंगफली, 190.13 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोई गई हैं। दालोंका क्षेत्र 120.41 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा है, जिससे पोषण सुरक्षा को बल मिलेगा। गन्ने का क्षेत्र 59.07 लाख हेक्टेयर तक दर्ज किया गया है, जिससे गन्ना उत्पादक किसानों को लाभ होगा।

कृषि आयुक्त डा. पी. के. सिंह ने बताया कि इस वर्ष देशभर में जलाशयों और सिंचाई परियोजनाओं में जल उपलब्धता में वृद्धि हुई है, जिससे सिंचाई आधारित खेती में भी विकास की संभावनाएँ बढ़ी हैं। वर्तमान में 161 प्रमुख जलाशयों में 165.58 अरब घन मीटर (BCM) पानी संग्रहित है, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 104.30% और पिछले 10 वर्षों के औसत संग्रहण का 115.95% है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

बैठक में यह भी बताया गया कि देश के कई इलाकों में खरीफ फसलों की कटाई शुरू हो चुकी है और अब तक लगभग 27 प्रतिशत क्षेत्र में कटाई पूरी हो गई है। कुछ क्षेत्रों में रबी की बुवाई भी प्रारंभ हो चुकी है, जो इस समय शुरुआती चरण में है। प्याज, आलू और टमाटर जैसी सब्जियों की स्थिति सामान्य है, वहीं चावल और गेहूं का भंडार बफर मानकों से अधिक है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि समय पर मानसून, पर्याप्त जलाशय संसाधन, प्रभावी योजना प्रबंधन और डिजिटल नवाचारों के कारण देश के कृषि क्षेत्र में लगातार प्रगति हो रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसान हितैषी नीतियों का परिणाम है कि किसानों की आय में वृद्धि हो रही है और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मजबूत हो रही है।

उन्होंने कहा कि आगामी रबी मौसम में दालों और तिलहनी फसलों की बुवाई बढ़ाने और रिकॉर्ड उत्पादकता हासिल करने के लिए केंद्र सरकार राज्यों के साथ मिलकर किसानों को हर संभव सहायता देगी।

शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज केंद्रीय कैबिनेट ने प्रधानमंत्री श्री मोदी की अध्यक्षता में ₹38,000 करोड़ रुपये की खाद सब्सिडी स्वीकृत की है, जिससे किसानों को समय पर और सस्ती दरों पर खाद उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र की मौजूदा प्रगति यह दर्शाती है कि अनुकूल मौसम, सरकारी प्रयास और किसानों की मेहनत से देश की खेती को नई ऊर्जा और स्थिरता मिली है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture