पर्याप्त खाद भंडारण का दावा
08 मई 2026, नई दिल्ली: पर्याप्त खाद भंडारण का दावा – अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते खाद संकट की आशंकाएं जरूर जताई जा रही थीं, लेकिन फिलहाल मध्य प्रदेश में ऐसी कोई स्थिति नहीं है। राज्य सरकार के अनुसार प्रदेश में वर्तमान में 5.90 लाख टन यूरिया, 5.25 लाख टन डीएपी एवं एनपीके तथा 3.75 लाख टन सिंगल सुपर फॉस्फेट (एसएसपी) उपलब्ध है।
प्रदेश में 10 लाख टन उर्वरक के अग्रिम भंडारण का लक्ष्य रखा गया था, जिसके विरुद्ध अब तक लगभग 8 लाख टन खाद का भंडारण किया जा चुका है। जानकारी के अनुसार खरीफ 2026 के लिए प्रदेश में कुल 43 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें 20 लाख टन यूरिया, 6.50 लाख टन एसएसपी, 9 लाख टन डीएपी तथा 7 लाख टन कॉम्प्लेक्स उर्वरक शामिल हैं।
देश में खाद का पर्याप्त स्टॉक
इधर केंद्र सरकार के उर्वरक विभाग ने भी स्पष्ट किया है कि खरीफ सीजन 2026 के लिए देश में खाद की कोई कमी नहीं है। विभाग की अतिरिक्त सचिव अपर्णा एस. शर्मा के अनुसार देश में वर्तमान में 62.28 लाख मीट्रिक टन यूरिया तथा 20.32 लाख मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि मार्च और अप्रैल 2026 के दौरान देश में लगभग 67.71 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का उत्पादन किया गया, जबकि करीब 17 लाख मीट्रिक टन खाद का आयात भी किया जा चुका है।
सरकार के अनुसार खरीफ 2026 के लिए देश में कुल 390.54 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की आवश्यकता का अनुमान है। इसके मुकाबले वर्तमान में 195.71 लाख मीट्रिक टन खाद का स्टॉक उपलब्ध है, जो कुल आवश्यकता का लगभग 50 प्रतिशत है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

