राज्य कृषि समाचार (State News)

इंदौर जिले में 22 हजार किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीदा गेहूं

08 मई 2026, इंदौर: इंदौर जिले में 22 हजार किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीदा गेहूं – रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। जिले में अब तक कुल 41 हजार 750 किसानों ने पंजीयन कराया है। शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गेहूं खरीदी 10 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 23 मई 2026 तक संचालित की जा रही है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मंडी में अपनी उपज लाने वाले किसानों के लिए सभी आवश्यक प्रबंध भी सुनिश्चित किए गए हैं। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने निर्देश दिए हैं कि जिले में ऐसी व्यवस्था बनाई रखी जाए जिससे कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक श्री एम. एल. मारू ने बताया कि अब तक लगभग 22 हजार किसानों ने अपनी गेहूं फसल का विक्रय समर्थन मूल्य पर किया है, जिसके तहत करीब 17 लाख क्विंटल गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। किसानों को भुगतान की प्रक्रिया भी तेजी से की जा रही है। अब तक लगभग 284 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों के खातों में सफलतापूर्वक किया जा चुका है। जिले में 34 हजार 800 किसानों द्वारा गेहूं विक्रय हेतु स्लॉट बुक किए जा चुके हैं और स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया निरंतर जारी है। प्रशासन द्वारा खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त बारदाना एवं भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

जिले में इस वर्ष गेहूं खरीदी का लक्ष्य 3.5 लाख मीट्रिक टन (35 लाख क्विंटल) निर्धारित किया गया है, जिसके अनुरूप व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी पंजीकृत एवं इच्छुक किसानों से गेहूं की खरीदी की जाएगी। किसानों को राहत देते हुए भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा बारिश से प्रभावित, चमकहीन गेहूं पर 50 प्रतिशत तक छूट प्रदान की गई है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली है। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि अनुसार स्लॉट बुक कर समय पर अपनी उपज विक्रय करें, ताकि खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements