Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्यप्रदेश को दो साल में बनाएंगे देश की मिल्क कैपिटल, दुग्ध संकलन का लक्ष्य 52 लाख किलो प्रतिदिन: सीएम यादव

11 नवंबर 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश को दो साल में बनाएंगे देश की मिल्क कैपिटल, दुग्ध संकलन का लक्ष्य 52 लाख किलो प्रतिदिन: सीएम यादव – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश को अगले दो वर्षों में देश की मिल्क कैपिटल बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रदेश में श्वेत क्रांति 2.0 के माध्यम से डेयरी सहकारिता को मजबूत किया जा रहा है। वर्तमान में दुग्ध संकलन क्षमता 12 लाख किलोग्राम प्रतिदिन है, जिसे बढ़ाकर 52 लाख किलोग्राम प्रतिदिन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा के साथ पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि भी सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में गौ-एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाने के साथ आधुनिक और आत्मनिर्भर गौशालाओं का विकास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित राज्यस्तरीय गौ-पूजन और पशुपालक सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का पर्व है। हम सभी को प्रकृति के प्रति कृतज्ञ भाव रखते हुए उसका पूजन और संरक्षण करना चाहिए। भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठ अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और उनके पशुधन को जलप्रलय से बचाया था। मानवता की रक्षा और सामूहिक सहयोग का इससे बेहतर उदाहरण नहीं हो सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समाज से अलग नहीं है। सामाजिक आयोजनों में सरकार की भागीदारी जरूरी है। इसलिए अब समाज के सभी प्रकार के आयोजनों में सरकार बढ़-चढ़कर शामिल होगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से गौवंश संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा और गांवों को समृद्ध बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी के सहयोग और भागीदारी से ही आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का निर्माण संभव है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

भोपाल में खुलेगा उन्नत नस्ल की गायों के भ्रूण उत्पादन का केंद्र

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए उन्नत नस्ल के पशुओं का पालन जरूरी है। देशी गायों के अलावा गिर और साहीवाल नस्ल की गायों से अधिक दुग्ध उत्पादन होता है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने मध्यप्रदेश में गुजरात की तर्ज पर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए भोपाल में उन्नत नस्ल की गायों के भ्रूण उत्पादन केंद्र की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इस केंद्र में प्रतिवर्ष एक लाख भ्रूण तैयार किए जाएंगे। इससे प्रदेश में उन्नत नस्ल की गायों के पालन को प्रोत्साहन मिलने के साथ दुग्ध उत्पादन में भी वृद्धि होगी।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री ने बताया कि भोपाल के बरखेड़ी डोब में 10 हजार गौवंश की क्षमता वाली हाईटेक गौशाला का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पशुपालन को बड़े स्तर पर बढ़ावा देने के लिए पशुपालकों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना भी जरूरी है। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के अंतर्गत 25 दुधारू गाय या भैंस की इकाई स्थापित करने पर 42 लाख रुपये तक की ऋण सहायता और 13 लाख 86 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है। डेयरी क्षेत्र में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए पूरी डेयरी वैल्यू चेन को शत-प्रतिशत डिजिटल किया जा रहा है।

3 हजार से अधिक गौशालाओं को 65.66 करोड़ रुपये जारी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रिमोट का बटन दबाकर सिंगल क्लिक से प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में निवासरत 5 लाख 51 हजार से अधिक गौवंश के भरण-पोषण के लिए 65.66 करोड़ रुपये की अनुदान राशि अंतरित की। इसके साथ ही गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत प्रदेश के 466 उत्कृष्ट पशुपालकों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये की राशि दी गई। इन पशुपालकों के बैंक खातों में कुल 2.95 करोड़ रुपये अंतरित किए गए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के उत्कृष्ट पशुपालकों और दुग्ध उत्पादकों को प्रशस्ति पत्र एवं 56 भोग की थाल भेंटकर सम्मानित किया। इनमें गौरव रघुवंशी, ज्ञानेश्वर पटेल,  सुनील सिंह पंवार, कुशल सिंह दांगी, नर्मदा प्रसाद पटेल, विक्रम सिंह मीणा, रामबाबू,  छतरसिंह धाकड़, राजेश पाटीदार,  मुकेश वर्मा, मोहनलाल प्रसाद,  हरगोविंद पटेल और संतोष कुमार शामिल हैं।

इसके अलावा लंबे समय से गौसेवा में संलग्न गौसेवकों और गौशाला संचालकों श्री प्रेमीचंद्र जैन, श्री सूरज परमार, श्री ब्रिजेश व्यास और श्री प्रहलाद दास मंगल को भी सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि उज्जैन जिले के ग्राम तालोद के श्री गौरव रघुवंशी की गिर गाय ने प्रतिदिन 19.760 लीटर दूध उत्पादन के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने सभी पुरस्कार विजेता पशुपालकों को बधाई दी।

गौशालाओं में प्रति गाय अनुदान 20 से बढ़ाकर 40 रुपये किया

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गौपालन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार भी है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला हमें प्रकृति के सम्मान, गौवंश संरक्षण और समाज के साथ मिलकर चलने की सीख देती है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने पांच हजार साल पहले ही प्रकृति, वन और चराचर जगत पर सभी के समान अधिकार का संदेश दिया था। गौमाता की सेवा से समाज को आर्थिक विकास का आधार भी मिलता है। दूध के अलावा गोबर से खाद तैयार होती है, जो जैविक और प्राकृतिक खेती को समृद्ध बनाती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी निराश्रित गौवंश को निकटतम गौशालाओं में भेजा जा रहा है। गौशालाओं को मजबूत बनाने और वहां संरक्षित गौवंश को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के लिए प्रति गाय दी जाने वाली अनुदान राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि केवल खेती से ही समृद्धि नहीं आएगी, बल्कि इसके लिए पशुपालन यानी गाय, भैंस और बकरी पालन के साथ मछली पालन, उद्यानिकी फसलों का उत्पादन तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा देना जरूरी है। राज्य सरकार इन सभी क्षेत्रों को प्रोत्साहित कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राकृतिक खेती के मामले में मध्यप्रदेश देश में पहले नंबर पर है।

प्रदेश में लगाए जाएंगे बड़े पशु मेले

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में अब बड़े पशु मेले भी आयोजित किए जाएंगे। इन मेलों में कृषि एवं पशुपालन विभाग द्वारा उन्नत और आधुनिक कृषि यंत्रों के साथ उन्नत नस्ल के गौवंश भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इससे किसानों और पशुपालकों को दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए अच्छी नस्ल के पशुओं के पालन की जानकारी मिल सकेगी।

उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में गीता भवन बनाए जा रहे हैं और हर साल गीता जयंती भी मनाई जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में वृंदावन ग्राम विकसित किए जा रहे हैं, जहां पशुपालकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीरामराजा सरकार लोक के रूप में ओरछा में 400 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, वहीं चित्रकूट में 2 हजार करोड़ रुपये के कार्य भी वर्तमान में धरातल पर चल रहे हैं।

मुख्यमंत्री निवास में भी हुआ गौपूजन और गोवर्धन पूजन

कार्यक्रम में खेल एवं युवक कल्याण तथा सहकारिता मंत्री  विश्वास कैलाश सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी,  विष्णु खत्री, महापौर श्रीमती मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, पशुपालन संचालक श्री पीएस पटेल, संस्कृति संचालक एमपी नामदेव सहित रघुनंदन शर्मा, अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने रवीन्द्र भवन परिसर में स्थापित भगवान गोवर्धन की पूजा-अर्चना, परिक्रमा और आरती की तथा प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉल का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर समाजजनों ने मुख्यमंत्री का साफा पहनाकर और भेंट देकर स्वागत-अभिनंदन किया।

वहीं, मुख्यमंत्री निवास स्थित गौशाला में भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गौवंश का पूजन किया। उन्होंने वहां बनाए गए भगवान श्री गोवर्धन का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और श्रद्धाभाव से गिरवर की परिक्रमा कर प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास की गौशाला को फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया था।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture