राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्यप्रदेश में वेयरहाउसिंग व्यवस्था होगी आधुनिक, किसानों की उपज की सुरक्षा और गुणवत्ता पर रहेगा फोकस  

25 अगस्त 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश में वेयरहाउसिंग व्यवस्था होगी आधुनिक, किसानों की उपज की सुरक्षा और गुणवत्ता पर रहेगा फोकस – मध्यप्रदेश में किसानों की उपज के सुरक्षित भंडारण, खाद्यान्न की गुणवत्ता बनाए रखने और जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न समय पर पहुंचाने की व्यवस्था को और प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जाएगा। मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच ने बताया कि वे प्रदेश के विभिन्न संभागों में समीक्षा बैठकें करने के साथ वेयरहाउसों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ले रहे हैं।

वेयरहाउसों की नियमित जांच और नियमों का पालन

श्री नगायच ने बताया कि कारपोरेशन का मुख्य फोकस दो प्रमुख बिंदुओं पर है। पहला, वेयरहाउसों का नियमित निरीक्षण कर सामने आने वाली कमियों को दूर करना और दूसरा, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, अनुशासन तथा निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना। उन्होंने कहा कि सभी स्थानों पर नियमों का समान रूप से पालन कराया जाएगा।

किसानों की उपज की सुरक्षा और गुणवत्ता प्राथमिकता

मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन द्वारा गेहूं, चना, धान, मूंग सहित किसानों की विभिन्न कृषि उपज का बड़े स्तर पर भंडारण किया जाता है। भंडारित खाद्यान्न का एक बड़ा हिस्सा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचता है। ऐसे में खाद्यान्न की सुरक्षा और गुणवत्ता बनाए रखना कॉरपोरेशन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। श्री नगायच ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप कॉरपोरेशन की कार्यप्रणाली में नवाचार और पारदर्शिता को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि किसानों की उपज के भंडारण से लेकर खाद्यान्न के वितरण तक पूरी व्यवस्था अधिक प्रभावी बन सके।

सोलर लाइट से ई-वेयरहाउसिंग तक पर फोकस

आने वाले समय में वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में भी काम किया जाएगा। वेयरहाउस परिसरों में सोलर लाइट, ई-वेयरहाउसिंग और ई-कॉमर्स गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है। शहरी क्षेत्रों में स्थित वेयरहाउसों को बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों से जोड़ने तथा कॉरपोरेशन की उपलब्ध भूमि का बेहतर उपयोग करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। इसके अलावा वेयरहाउसों के आसपास फ्रूट फॉरेस्ट और अन्य उपयोगी गतिविधियां विकसित करने की संभावनाएं भी देखी जा रही हैं।

किसानों की समस्याओं के समाधान पर भी जोर

श्री नगायच ने कहा कि जल्द ही मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन नए और आधुनिक स्वरूप में दिखाई देगा। किसानों को वेयरहाउस से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए निर्धारित विभागीय माध्यमों के साथ-साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी शिकायत और सुझाव साझा करने की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इससे किसानों की समस्याओं की जानकारी समय पर प्राप्त कर उनका निराकरण करने और वेयरहाउसिंग व्यवस्था को अधिक जवाबदेह एवं पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture