उज्जैन: खेत तालाब योजना से बदली खेती की तस्वीर
15 अप्रैल 2026, उज्जैन: उज्जैन: खेत तालाब योजना से बदली खेती की तस्वीर – जिले की तराना जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम कनार्दी में मध्य प्रदेश सरकार की खेत तालाब योजना एक बार फिर साबित कर रही है कि सही योजना और सामुदायिक सहयोग से किसानों की किस्मत बदल सकती है।यहां के प्रगतिशील किसान श्री रवि पाटीदार ने इस योजना का लाभ उठाकर अपनी साढ़े सात बीघा बंजर जमीन को उपजाऊ बना दिया और इस रबी सीजन में 100 क्विंटल से अधिक गेहूं का उत्पादन कर क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है।
श्री रवि पाटीदार के पास पहले केवल बारिश पर निर्भर खेती थी। सिंचाई के अभाव में साल में सिर्फ एक फसल होती थी और कई बार जमीन बंजर पड़ी रह जाती थी। ग्राम सरपंच श्री अर्जुन पाटीदार और रोजगार सहायक श्री कन्हैयालाल फुलेरिया ने उन्हें खेत तालाब योजना की जानकारी दी और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग किया।पंचायत सचिव श्री सचिन अग्रवाल तथा उपयंत्री श्री सौरभ जैन के सक्रिय मार्गदर्शन में खेत में तालाब का निर्माण कराया गया। तालाब बनने के बाद खेती की पूरी तस्वीर बदल गई। अब स्थायी सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने से फसलों की पैदावार में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।जहां पहले पानी की कमी के कारण फसलें सूख जाती थीं, वहीं अब उसी जमीन पर भरपूर सिंचाई से रवि पाटीदार ने पहली बार गेहूं की शानदार पैदावार हासिल की।
इस सफलता से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि पूरे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है।आज श्री रवि पाटीदार गांव के अन्य किसानों को भी खेत तालाब योजना और जल संवर्धन के फायदे बता रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है और यह साबित करती है कि जल संरक्षण ही समृद्धि का आधार है ।खेत तालाब योजना के माध्यम से सरकार किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाने और बंजर भूमि को उपजाऊ बनाने का निरंतर प्रयास कर रही है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

