उज्जैन : प्राकृतिक खेती की मिसाल बना माधव कृषि फार्म
16 सितंबर 2026, उज्जैन: उज्जैन : प्राकृतिक खेती की मिसाल बना माधव कृषि फार्म – कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांस कुमट, एसडीएम श्रीमती नेहा साहू, जनपद पंचायत खाचरौद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गिरिराज शर्मा, उप संचालक कृषि श्री के.एस. कैन सहित कृषि विभाग खाचरौद की टीम ने विकासखंड खाचरौद के ग्राम घिनौदा स्थित माधव कृषि फार्म का अवलोकन किया। अधिकारियों ने यहां अपनाई जा रही जैविक एवं प्राकृतिक खेती की गतिविधियों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा किसान श्री गिरधारी पाटीदार से खेती की प्रक्रिया, उत्पादन एवं विपणन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
‘मानव स्वस्थ, भूमि स्वस्थ, वातावरण स्वस्थ’ की अवधारणा – श्री गिरधारी पाटीदार ने भूमि की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण को केंद्र में रखते हुए प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने की सार्थक पहल की है। उनका प्रयास है कि खेती में स्थानीय एवं प्राकृतिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए कम लागत में स्वस्थ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पाद तैयार किए जाएं। रसायनों पर निर्भरता घटाकर मिट्टी की सेहत सुधारने और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा दिया जाए। उनका यह मॉडल अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायी है।
खेत से सीधे ग्राहक तक पहुंच रहे जैविक उत्पाद – माधव कृषि फार्म पर तैयार किए जा रहे जैविक उत्पादों की बढ़ती मांग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई उत्पाद फार्म परिसर से ही हाथों-हाथ बिक जाते हैं। इससे किसान को बाजार की अतिरिक्त लागत, परिवहन व्यय और बिचौलियों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल रही है। खेत से सीधे उपभोक्ता तक पहुंचने वाला यह मॉडल उत्पादक को बेहतर मूल्य और उपभोक्ता को ताजा, प्रमाणित जैविक उत्पाद उपलब्ध करा रहा है।
किसान ने शुरू किया अपना जैविक मार्ट – प्राकृतिक खेती को केवल खेत तक सीमित न रखते हुए श्री पाटीदार ने जैविक मार्ट की भी शुरुआत की है। यहां जैविक उत्पादों की नियमित बिक्री की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को प्राकृतिक एवं जैविक उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो रहेहैं। साथ ही, यह पहल किसानों को बेहतर बाजार अवसर उपलब्ध कराने और स्थानीय स्तर पर जैविक उत्पादों की श्रृंखला विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्राकृतिक खेती को मिल रहा प्रशासन का प्रोत्साहन – अवलोकन के दौरान अधिकारियों ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने, उत्पादन की गुणवत्ता बनाए रखने तथा बाजार से जोड़ने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। कलेक्टर श्री रोशन कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि कम लागत, स्वस्थ उत्पादन और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित ऐसी पहल जिले में प्राकृतिक खेती को विस्तार देने की दिशा में प्रेरणादायी उदाहरण बन रही है। प्रशासन न केवल ऐसी योजनाओं की समीक्षा कर रहा ,है बल्कि मैदानी स्तर पर सफल कृषक मॉडलों को पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित भी कर रहा है। माधव कृषि फार्म की यह सफलता की कहानी उज्जैन जिले में टिकाऊ, रसायन-मुक्त और बाजार-केंद्रित कृषि की संभावनाओं को और मजबूत करती है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

