नकली और अमानक कीटनाशकों पर कसेगा शिकंजा
137 कीटनाशक निरीक्षक होंगे नियुक्त
लेखक: सचिन बोंद्रिया
03 जून 2026, इंदौर: नकली और अमानक कीटनाशकों पर कसेगा शिकंजा – देश में नकली और अमानक कीटनाशकों के बढ़ते कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। किसानों एवं कृषि उद्योग संगठनों द्वारा लंबे समय से प्रभावी नियंत्रण व्यवस्था और सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही थी। अब कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने देशभर में 137 अधिकारियों को कीटनाशक निरीक्षक नियुक्त कर निगरानी तंत्र को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल की है।
भारत सरकार द्वारा जारी राजपत्र अधिसूचना के अनुसार इन अधिकारियों को कीटनाशकों के निरीक्षण, नमूना संग्रहण, जांच तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई के अधिकार प्रदान किए गए हैं। नियुक्त अधिकारियों में पौध संरक्षण, संगरोध एवं भंडारण निदेशालय, केंद्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केंद्रों (सीआईपीएमसी), पौध संगरोध केंद्रों एवं क्षेत्रीय प्रयोगशालाओं में कार्यरत अधिकारी शामिल हैं। इनकी अधिकारिता पूरे देश में रहेगी।
किसानों और कृषि उद्योग जगत का कहना रहा है कि नकली और अमानक कीटनाशकों के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है तथा गुणवत्तापूर्ण उत्पाद बनाने वाली कंपनियों को भी अनुचित प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ता है। ऐसे में निरीक्षण और गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत करने की मांग लगातार उठ रही थी।
सूत्रों के अनुसार केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस विषय को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया था। इसके बाद मंत्रालय स्तर पर निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कदम तेज किए गए हैं। कृषि क्षेत्र से जुड़े संगठनों ने इसे किसानों के हित में सकारात्मक पहल बताया है।
इसी क्रम में केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी में नए केंद्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केंद्र (सीआईपीएमसी) की स्थापना को भी मंजूरी प्रदान की है। यह केंद्र पौध संरक्षण, संगरोध एवं भंडारण निदेशालय, फरीदाबाद के अधीन कार्य करेगा तथा कीट निगरानी, किसान प्रशिक्षण, फसल सुरक्षा एवं एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन गतिविधियों को बढ़ावा देगा।
उल्लेखनीय है कि किसानों एवं कृषि उद्योग संगठनों द्वारा लंबे समय से नकली और अमानक कीटनाशकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई तथा निरीक्षण व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की जा रही थी। केंद्र सरकार द्वारा 137 कीटनाशक निरीक्षकों की नियुक्ति और वाराणसी में नए सीआईपीएमसी की स्थापना को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे कीटनाशकों की गुणवत्ता पर निगरानी बढ़ने, दोषी तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई तेज होने तथा किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

