इंदौर संभागायुक्त ने धार जिले में आधुनिक उद्यानिकी एवं संरक्षित खेती का किया निरीक्षण
03 जुलाई 2026, इंदौर: इंदौर संभागायुक्त ने धार जिले में आधुनिक उद्यानिकी एवं संरक्षित खेती का किया निरीक्षण – संभागायुक्त इंदौर डॉ. सुदाम खाड़े ने गुरुवार को धार जिले का दौरा कर प्रदेश की औद्योगिक एवं कृषि विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निरीक्षण किया। वहीं बदनावर विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में आधुनिक उद्यानिकी एवं संरक्षित खेती के नवाचारों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान धार कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
संभागायुक्त ने बदनावर विकासखंड के ग्राम रूपाखेड़ा, नाहरखेड़ा एवं तिलगारा का भ्रमण कर पॉली हाउस एवं शेडनेट हाउस में की जा रही आधुनिक उद्यानिकी खेती का अवलोकन किया। उन्होंने गुलाब, जरबेरा, जिप्सोफिला, लिसिएन्थस, कश्मीरी गुलाब तथा ब्लूबेरी जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों का उत्पादन कर रहे प्रगतिशील किसानों की सराहना की और कहा कि आधुनिक तकनीकों के माध्यम से कृषि को अधिक लाभकारी एवं रोजगारपरक बनाया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में लगभग 1.86 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में पॉलीहाउस स्थापित किए जा चुके हैं, जिनका लाभ 75 से अधिक किसान प्राप्त कर रहे हैं। संभागायुक्त ने पुष्प उत्पादक किसानों के लिए किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के गठन, कोल्ड रूम जैसी भंडारण सुविधाओं के विकास तथा आधुनिक जल प्रबंधन एवं टिशू कल्चर जैसी तकनीकों का प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को क्षमता संवर्धन के लिए महाराष्ट्र के जलगांव में प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा कृषि क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। इस दौरान किसानों द्वारा ब्लूबेरी की खेती के लिए अनुदान एवं एनवीडीए पाइप लाइन विस्तार की मांग भी रखी गई, जिस पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों को समान रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। पीएम मित्रा पार्क जैसे बड़े औद्योगिक निवेश तथा संरक्षित खेती एवं उच्च मूल्य वाली फसलों के विस्तार से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, किसानों की आय बढ़ेगी तथा मध्यप्रदेश औद्योगिक एवं कृषि विकास के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

