राज्य कृषि समाचार (State News)

सीधी: फसलों को नुकसान से बचाने किसानों को विशेष सावधानी की सलाह

05 सितंबर 2026, सीधी: सीधी: फसलों को नुकसान से बचाने किसानों को विशेष सावधानी की सलाह – उप संचालक कृषि आर.एस. गुप्ता ने जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण खेतों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए किसानों को फसलों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

 श्री  गुप्ता ने किसानों से कहा है कि खेतों में जमा अतिरिक्त पानी की तत्काल निकासी की व्यवस्था करें। खेत की मेड़ एवं नालियों को साफ रखें, ताकि वर्षा का पानी अधिक समय तक जमा न रहे। जलभराव वाले खेतों में नालियां बनाकर अथवा उपलब्ध साधनों से पानी निकालें, जिससे फसल की जड़ें लंबे समय तक पानी में डूबी न रहें।

जलभराव के बाद फसलों में रोग एवं कीट लगने की संभावना बढ़ जाती है। किसान नियमित रूप से फसलों की निगरानी करें और रोग या कीट के लक्षण दिखाई देने पर कृषि विशेषज्ञ अथवा कृषि विभाग की सलाह के बाद ही उपचार करें। बिना सलाह उर्वरक एवं कीटनाशकों का प्रयोग न करें। कृषि यंत्र, खाद एवं बीज को सुरक्षित स्थान पर अथवा तिरपाल से ढककर रखें। बागवानी फसलों में अतिवृष्टि से फूल एवं कच्चे फलों के झड़ने की संभावना रहती है। सब्जी, बेल वाली फसलों एवं छोटे पौधों को आवश्यकतानुसार सहारा देने की सलाह दी गई है।

आर.एस. गुप्ता ने बताया कि आकाशीय बिजली से किसान, पशुधन एवं कृषि अधोसंरचना प्रभावित हो सकती है। तेज बारिश एवं हवाओं से बचाव के लिए पॉलीहाउस, नेट हाउस एवं शेड हाउस के ढांचे को मजबूत रखने तथा उनमें जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए समय रहते जल निकासी एवं फसल सुरक्षा के उपाय अपनाएं, ताकि अतिवृष्टि से होने वाले संभावित नुकसान को कम किया जा सके।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture