शिवपुरी कलेक्टर ने किया उन्नत कृषि फार्मों और नर्सरी का सघन निरीक्षण
14 जुलाई 2026, शिवपुरी: शिवपुरी कलेक्टर ने किया उन्नत कृषि फार्मों और नर्सरी का सघन निरीक्षण – जिले में कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने और किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने गत दिनों जिले के विभिन्न क्षेत्रों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रगतिशील कृषकों के फार्म और पॉली हाउस का निरीक्षण कर नवाचार कृषि पद्धतियों का अवलोकन किया और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया।
कलेक्टर श्री वर्मा ने सर्वप्रथम बड़ागांव पहुँचकर प्रगतिशील कृषक श्री सुरेंद्र सिंह सेंगर के कृषि फार्म का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने फार्म पर संचालित मछली पालन इकाई का अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि श्री सेंगर को सरकार की सौर ऊर्जा नीति के तहत 90 प्रतिशत सब्सिडी पर सोलर प्लांट की सुविधा मिली है, जिसकी बदौलत वे कृषि कार्यों में सौर ऊर्जा का कुशलतापूर्वक उपयोग कर रहे हैं। कलेक्टर श्री वर्मा ने इस प्रबंधन की सराहना करते हुए इसे किसानों की आय बढ़ाने का एक उत्कृष्ट माध्यम बताया।इसके साथ ही, जैविक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री सेंगर द्वारा तैयार किए जा रहे ‘जीवामृत’ की प्रक्रिया को भी उन्होंने करीब से देखा। मिट्टी की उर्वरता और स्वास्थ्य के लिए जैविक खाद के उपयोग को अत्यंत आवश्यक बताते हुए क्षेत्र के अन्य किसानों को भी रासायनिक खेती के स्थान पर जैविक कृषि अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उद्यानिकी और बागवानी कृषि: पॉली हाउस में डच गुलाब और खीरे की खेती ग्राम मुड़ेरी में श्री अमित गुप्ता के पॉली हाउस का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने बागवानी क्षेत्र के नवाचारों की प्रशंसा की। श्री गुप्ता को राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड के माध्यम से पॉली हाउस स्थापना के लिए 50 प्रतिशत की अनुदान सहायता प्राप्त हुई है। यह 8000 वर्ग मीटर की परियोजना आधुनिक कृषि का बेहतरीन उदाहरण है, जिसमें 4000 वर्ग मीटर में डच गुलाब और 4000 वर्ग मीटर में खीरा की उन्नत खेती की जा रही है। कलेक्टर श्री वर्मा ने पॉली हाउस की स्थापना, मिट्टी के चयन, खाद प्रबंधन और फसलों की सिंचाई के लिए उपयोग की जा रही माइक्रो स्प्रिंकलर तकनीक की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने तहसील कोलारस के ग्राम निबोदा में कृषक श्री गिरवर रावत के फार्म पर संचालित आधुनिक नर्सरी का भी निरीक्षण किया। श्री रावत को भी पॉली हाउस की स्थापना के लिए एवं नर्सरी स्थापना के लिए उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के एकीकृत बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत लागत की 50 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ दिया गया है।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने मशीन द्वारा तैयार की जा रही पौध, कोकोपीट के माध्यम से तैयार हो रही टमाटर, शिमला मिर्च और तीखी मिर्ची की उन्नत किस्मों की पौध व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने नर्सरी में अपनाई जा रही अत्याधुनिक ड्रिप इरीगेशन एवं ऑटो-फर्टिलाइजेशन सिस्टम की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि मशीनीकरण और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर किसान कम संसाधनों व कम समय में अधिक स्वस्थ पौध तैयार कर अपनी आय में कई गुना वृद्धि कर सकते हैं।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में ऐसे उन्नत और जैविक खेती कर रहे कृषकों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि वे अन्य कृषकों को भी इन प्रगतिशील किसानों की तरह जागरूक करें, ताकि वे भी आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी सब्सिडी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि ऐसे सफल मॉडलों के माध्यम से जिले में कृषि क्षेत्र के नए आयाम स्थापित किए जाएं।निरीक्षण के दौरान कृषि विभाग के उप संचालक श्री मुनेश शाक्य, एसडीएओ कोलारस श्री मनोज रघुवंशी, एसएडीओ श्री कल्लू कोली, एडीओ श्री एस.एस. जाटव, एईओ श्री लाखन गुर्जर एवं संबंधित अधिकारी और कृषक उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Globa

