शहडोल : कृषि क्विज में प्रथम स्थान हासिल कर जीता ट्रैक्टर
04 नवंबर 2026, शहडोल: शहडोल : कृषि क्विज में प्रथम स्थान हासिल कर जीता ट्रैक्टर – खेती केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि मेहनत, लगन, अनुभव और नवाचार से समृद्धि की राह बनाने का माध्यम भी है। खेतों में पसीना बहाने वाला किसान जब अपने कृषि ज्ञान और समझ के दम पर नई पहचान बनाता है, तो यह पूरे किसान समाज के लिए गौरव का क्षण होता है। ऐसी ही उपलब्धि हासिल की है शहडोल जिले के सोहागपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पोस्ट कठौतिया निवासी उन्नत कृषक श्री बृजराज सिंह जोधावत ने। उन्होंने किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित कृषि क्विज में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। मध्य प्रदेश दिवस के अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में श्री जोधावत को प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रैक्टर प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कृषि क्विज में अपनी प्रतिभा, कृषि संबंधी जानकारी और समझ का परिचय देते हुए उन्होंने अन्य प्रतिभागियों के बीच प्रथम स्थान हासिल किया। श्री बृजराज सिंह जोधावत एक उन्नत कृषक हैं और खेती-किसानी के क्षेत्र में अपनी सक्रियता एवं अनुभव रखते हैं। कृषि क्विज में उनकी सफलता यह दर्शाती है कि आज का किसान केवल खेतों में मेहनत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि कृषि की आधुनिक तकनीकों, नवीन पद्धतियों और वैज्ञानिक जानकारी के प्रति भी जागरूक हो रहा है।
प्रथम पुरस्कार के रूप में मिला ट्रैक्टर उनके लिए विशेष महत्व रखता है। इससे कृषि कार्यों को अधिक सुविधाजनक बनाने, समय की बचत करने और खेती के कार्यों में आधुनिक यंत्रीकरण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। उनकी यह उपलब्धि जिले के दूसरे किसानों के लिए भी प्रेरणादायक है। यह संदेश देती है कि खेती में सफलता के लिए मेहनत के साथ ज्ञान और नई तकनीकों को अपनाना भी जरूरी है। किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के माध्यम से किसानों की प्रतिभा को सम्मान देने की यह पहल निश्चित रूप से कृषि क्षेत्र में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


