नर्मदापुरम में कृषि एवं अन्य सम्बद्ध विभागों के अधिकारियों की बैठक संपन्न
04 नवंबर 2026, नर्मदापुरम: नर्मदापुरम में कृषि एवं अन्य सम्बद्ध विभागों के अधिकारियों की बैठक संपन्न – कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने कलेक्टर कार्यालय में कृषि एवं अन्य सम्बद्ध विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आगामी रबी फसल के दृष्टिगत जिले में खाद की उपलब्धता, वितरण एवं भंडारण व्यवस्था की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की मांग और आवश्यकता के अनुरूप खाद की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि कृषि कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसानों की मांग को देखते हुए सिवनी मालवा विकासखंड के धर्मकुंडी में मार्कफेड के डबल लॉक गोदाम का शीघ्र संचालन प्रारंभ किया जाए। इसके आसपास के क्षेत्र के किसानों को कैश सेल पॉइंट के माध्यम से आसानी से खाद उपलब्ध हो सकेगा। इसी प्रकार पिपरिया एवं बानापुरा में मार्केटिंग सोसायटी द्वारा तैयार किए गए कैश सेल पॉइंट को भी तत्काल प्रभाव से संचालित कर किसानों को खाद वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने गोदामों एवं सहकारी समितियों के माध्यम से यूरिया का नियमित उठाव सुनिश्चित करने के लिए भी सहकारिता एवं कृषि विभाग को निर्देशित किया। उन्होंने डीआरसीएस को निर्देशित किया कि समिति स्तर पर प्रबंधकों को खाद की मांग का समय पर आकलन कर डिमांड प्रस्तुत करने के लिए पाबंद करें, जिससे खाद की आपूर्ति एवं परिवहन व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसानों को समय पर आवश्यकतानुसार खाद उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन सहित कृषि एवं अन्य सम्बद्ध विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


