मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप: पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ में रेड अलर्ट जैसी स्थिति; अगले 5 दिन नहीं मिलेगी राहत
23 मई 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप: पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ में रेड अलर्ट जैसी स्थिति; अगले 5 दिन नहीं मिलेगी राहत – भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार मध्यप्रदेश में गर्मी का असर लगातार तेज बना हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। छतरपुर जिले में लू का प्रभाव दर्ज किया गया, जबकि छिंदवाड़ा जिले में गर्म रात की स्थिति बनी रही।
IMD के मुताबिक प्रदेश में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ, लेकिन रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभागों के जिलों में तापमान सामान्य से 2 से 2.5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान शहडोल संभाग के जिलों में 3.7 डिग्री तक गिरा, जबकि बाकी संभागों में तापमान सामान्य रहा।
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस खजुराहो और नौगांव (छतरपुर) में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में रिकॉर्ड हुआ।
इन जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार रीवा और सतना में 44.4 डिग्री, मंडला और मलाजखंड (बालाघाट) में 44.2 डिग्री तथा दमोह, टीकमगढ़, दतिया और अमरिया में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
वहीं सबसे कम अधिकतम तापमान पचमढ़ी में 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अमरकंटक में 37.4 डिग्री, अलीराजपुर में 37.5 डिग्री और आगरमालवा में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो ग्वालियर सबसे गर्म रात वाला शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रायसेन में 29.5 डिग्री, सिवनी में 29.2 डिग्री और भोपाल के बैरसिया में 29.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
सिनोप्टिक मौसम परिस्थिति
IMD के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा लगातार 6°N/70°E से 17.5°N/98°E तक बनी हुई है। अगले 2 से 3 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ होते हुए आंतरिक ओडिशा तक ट्रफ भी सक्रिय है, जिसका असर मौसम पर दिखाई दे रहा है।
प्रदेश में मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। अगले पांच दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
इन जिलों के लिए लू और भीषण गर्मी की चेतावनी
IMD ने पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में कहीं-कहीं तीव्र ऊष्ण लहर यानी गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, रीवा, मऊगंज, सतना और निवाड़ी जिलों में तीव्र उष्ण लहर चलने की संभावना जताई गई है।
गुना, अशोकनगर, कटनी, दमोह, सागर और मैहर जिलों में उष्ण लहर का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, सिंगरौली, सीधी, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर और मंडला जिलों में भी गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है।
किसानों के लिए विशेष सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि मिट्टी में नमी बनाए रखने के लिए हल्की और बार-बार सिंचाई करें। पानी की बर्बादी कम करने के लिए सुबह या शाम के समय सिंचाई करना बेहतर रहेगा।
मिट्टी की नमी बनाए रखने के लिए मल्चिंग का उपयोग करने और तेज गर्मी के समय उर्वरक तथा कीटनाशकों का प्रयोग नहीं करने की सलाह दी गई है। किसानों को फसलों की समय पर कटाई करने और चूसक कीटों की नियमित निगरानी करने को कहा गया है।
पशुपालकों को पशुओं को छायादार और हवादार स्थान पर रखने, दिन में 3 से 4 बार साफ पानी उपलब्ध कराने तथा आहार में खनिज मिश्रण और नमक मिलाने की सलाह दी गई है। दोपहर 12 से 4 बजे के बीच पशुओं को चराने से बचने और गर्मी के तनाव को कम करने के लिए पानी का छिड़काव करने को कहा गया है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agric

