सिवनी : सीताफल बनेगा किसानों की समृद्धि का आधार
18 सितंबर 2026, सिवनी: सिवनी : सीताफल बनेगा किसानों की समृद्धि का आधार – एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) के तहत चयनित एवं जीआई टैग प्राप्त सिवनी जम्बो सीताफल जिले के किसानों की समृद्धि का आधार बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सीताफल की विशिष्ट पहचान को व्यापक बाजार से जोड़ने तथा किसानों को उत्पादन का बेहतर मूल्य दिलाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देशन में “सीताफल से समृद्धि” अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले में सीताफल पौधों की गणना, सर्वेक्षण एवं उत्पादक किसानों के पंजीयन का कार्य कराया जा रहा है, जो अब अंतिम चरण में है।
सिवनी जम्बो सीताफल को प्राप्त जीआई टैग इसकी विशिष्ट पहचान को प्रमाणित करता है। इसके माध्यम से जिले के सीताफल को स्थानीय बाजार से आगे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की व्यापक संभावनाएं हैं। अभियान के तहत इसी संभावना को किसानों की आय से जोड़ने के लिए सीताफल की पूरी मूल्य श्रृंखला विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। उत्पादन के साथ संग्रहण, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन, ब्रांडिंग एवं विपणन को बढ़ावा देकर किसानों को बेहतर बाजार एवं बेहतर मूल्य उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
बाजार और निर्यात की संभावनाओं पर होगी कार्यशाला – अभियान के आगामी चरण में किसानों एवं सीताफल से जुड़े हितधारकों के लिए जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में सीताफल उत्पादक किसानों, विक्रेताओं, एफपीओ सदस्यों, खाद्य प्रसंस्करण उद्यमियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों की सहभागिता रहेगी। नाबार्ड, कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) सहित संबंधित संस्थाओं एवं विशेषज्ञों को भी जोड़ा जाएगा।
कार्यशाला में सीताफल की मार्केटिंग, प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन, पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं निर्यात की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। किसानों को प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना, वित्तीय सहायता, बाजार की मांग तथा बड़े खरीदारों एवं निर्यात बाजार से जुड़ने के अवसरों की जानकारी भी दी जाएगी। कार्यशाला का उद्देश्य किसानों, वित्तीय संस्थाओं, प्रसंस्करण उद्यमियों एवं बाजार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि जीआई टैग प्राप्त सिवनी जम्मो सीताफल को एक मजबूत ब्रांड के रूप में विकसित किया जा सके।
शेष किसान शीघ्र कराएं पंजीयन – कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने जिले के ऐसे सभी सीताफल उत्पादक किसानों से अपील की है, जिनका अभी तक सर्वेक्षण अथवा पंजीयन नहीं हुआ है, वे शीघ्र अपना पंजीयन कराएं। पौधा गणना एवं किसान पंजीयन से जिले में सीताफल उत्पादन की वास्तविक स्थिति का सटीक आंकड़ा तैयार होगा, जो भविष्य में मार्केटिंग, प्रसंस्करण एवं निर्यात की व्यापक कार्ययोजना तैयार करने में महत्वपूर्ण आधार बनेगा।
शेष रहे सीताफल उत्पादक किसान मोबाइल नंबर 9098431856 एवं 9713448994 पर संपर्क कर पंजीयन एवं अभियान से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
“सीताफल से समृद्धि” अभियान के माध्यम से सिवनी के जीआई टैग प्राप्त जम्मो सीताफल को बाजार की नई संभावनाओं से जोड़ते हुए किसानों की आय बढ़ाने और सीताफल आधारित स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

