राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, खजुराहो-नौगांव में पारा 45.8°C पहुंचा; कई जिलों में लू का अलर्ट 

26 मई 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, खजुराहो-नौगांव में पारा 45.8°C पहुंचा; कई जिलों में लू का अलर्ट – भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बना हुआ है। रविवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि कुछ इलाकों में गर्म रात (Warm Night) की स्थिति भी दर्ज की गई। छतरपुर और दतिया जिलों में लू का प्रभाव रहा, वहीं गुना, दतिया और छिंदवाड़ा में रात का तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान इंदौर संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस खजुराहो और नौगांव (छतरपुर) में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में दर्ज हुआ।

दतिया में न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि गुना, विदिशा और भोपाल के बैरसिया क्षेत्र में भी रातें बेहद गर्म रहीं। दूसरी ओर पचमढ़ी, अमरकंटक और अलीराजपुर जैसे क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम तापमान दर्ज किया गया।

सिनोप्टिक मौसम परिस्थिति

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और अगले 2 से 3 दिनों में अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कुछ और हिस्सों में इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

वहीं जम्मू और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम प्रणाली बनी हुई है। पंजाब से पाकिस्तान होते हुए उत्तर-पूर्वी अरब सागर तक एक ट्रफ रेखा भी सक्रिय है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 28 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर मध्यप्रदेश के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है।

इन जिलों में लू और तीव्र ऊष्ण लहर की चेतावनी

मौसम विभाग ने टीकमगढ़ में गर्म रात और तीव्र ऊष्ण लहर की चेतावनी जारी की है। सतना, पन्ना, छतरपुर और निवाड़ी जिलों में भी तीव्र हीटवेव की संभावना जताई गई है।
गुना और दतिया में गर्म रात के साथ तीव्र लू का असर बना रहने की संभावना है। वहीं रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, सागर, दमोह, मंडला, बालाघाट और नरसिंहपुर सहित कई जिलों में तीव्र ऊष्ण लहर चलने का अनुमान है।

भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, नीमच, ग्वालियर, मुरैना, शिवपुरी, बुरहानपुर और खरगौन समेत कई जिलों में सामान्य लू चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

किसानों और पशुपालकों के लिए विशेष सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को खेतों में नमी बनाए रखने के लिए हल्की और बार-बार सिंचाई करने की सलाह दी है। सुबह या शाम के समय सिंचाई करने तथा मल्चिंग तकनीक अपनाने को कहा गया है ताकि मिट्टी में नमी बनी रहे। तेज गर्मी के दौरान उर्वरक और कीटनाशकों के छिड़काव से बचने की सलाह दी गई है।

फसलों में चूसक कीटों की नियमित निगरानी करने और आवश्यकता अनुसार नियंत्रण उपाय अपनाने को कहा गया है। किसानों को फसलों की कटाई समय पर करने की सलाह भी दी गई है ताकि अत्यधिक गर्मी से नुकसान कम हो सके।

पशुपालकों को पशुओं को छायादार और हवादार स्थान पर रखने, दिन में कई बार स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने तथा दोपहर 12 से 4 बजे के बीच चराई से बचाने की सलाह दी गई है। पशुओं को गर्मी से राहत देने के लिए पानी का छिड़काव और अन्य ठंडक उपाय अपनाने को भी कहा गया है। 

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements