Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

सिंचाई जल उपलब्धता की कमीः किसान करें कम पानी वाली सरसों, चना, जौ की बिजाई

02 अक्टूबर 2026, जयपुर: सिंचाई जल उपलब्धता की कमीः किसान करें कम पानी वाली सरसों, चना, जौ की बिजाई – खरीफ सीजन में कम बारिश और बांधों के जल स्तर में गिरावट के बीच रबी फसलों के लिए सिंचाई जल की उपलब्धता कम रहने की संभावना है। ऐसे में राजस्थान कृषि विभाग ने किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने के साथ कम पानी में तैयार होने वाली सरसों, चना और जौ की जलवायु अनुकूल किस्मों की खेती करने की सलाह दी है।

श्रीगंगानगर जिले के कृषि (विस्तार) संयुक्त निदेशक डॉ. सतीश शर्मा ने बताया कि किसानों को फसल विविधीकरण के साथ कम पानी में तैयार होने वाली सरसों, चना और जौ की जलवायु अनुकूल किस्मों का चयन करना चाहिए।

सरसों की इन किस्मों की करें बुवाई

कृषि विभाग के अनुसार समय पर बुवाई और भारी जमीन के लिए आरएच-1975 और आरएच-1706 किस्मों का चयन किया जा सकता है। सेम प्रभावित क्षेत्रों में सीएस-58, सीएस-60 और सीएस-62, जबकि रेतीले एवं टिब्बा क्षेत्रों में आरएच-1424, आरएच-725 और आरएच-761 किस्में उगाई जा सकती हैं। देरी से बुवाई के लिए किसानों को आरजीएन-236 किस्म का चयन करने की सलाह दी गई है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

चने में क्षेत्र के अनुसार किस्मों का चयन

चना फसल में सिंचित और समय पर बुवाई के लिए जीएनजी-2171 (मीरा), पछेती बुवाई के लिए जीएनजी-2261 (केशव) तथा असिंचित क्षेत्रों के लिए जीएनजी-2461 (मूमल) किस्म अपनाने की सिफारिश की गई है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

छिलका रहित जौ की किस्म अपनाने पर जोर

कृषि विभाग ने बेहतर स्वास्थ्य, कम लागत और पोषण सुरक्षा के लिए भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान, करनाल द्वारा विकसित छिलका रहित जौ की डीडब्ल्यूआरबी-223 किस्म अपनाने पर भी जोर दिया है। विभाग के अनुसार इस किस्म के दाने को आसानी से उपयोग में लिया जा सकता है। इससे रोटी, दलिया और बिस्किट बनाए जा सकते हैं। गेहूं की तुलना में इसमें करीब 30-40 प्रतिशत कम पानी और उर्वरकों की आवश्यकता बताई गई है। यह किस्म लवणीय और क्षारीय भूमि में भी उगाई जा सकती है तथा इसकी औसत पैदावार 45 क्विंटल प्रति हेक्टेयर बताई गई है।

छिलका रहित जौ में कम ग्लूटेन, कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स और अधिक घुलनशील फाइबर होने के कारण इसे पोषण की दृष्टि से उपयोगी अनाज माना गया है। इसमें प्रोटीन, लोहा, जस्ता और कैल्शियम जैसे आवश्यक पोषक तत्व भी पाए जाते हैं।

सीमित सिंचाई में गेहूं की इन किस्मों की सलाह

बदलती जलवायु, बढ़ते तापमान, सीमित सिंचाई जल, मौसम की अनिश्चितता और बढ़ती उत्पादन लागत के बीच गेहूं उत्पादन को अधिक जल-कुशल और जलवायु अनुकूल बनाने की जरूरत बताई गई है। विभाग के अनुसार केवल अधिक उपज क्षमता वाली किस्मों पर निर्भर रहने के बजाय ऐसी किस्मों का चयन जरूरी है, जो सीमित सिंचाई और स्थानीय परिस्थितियों में स्थिर उत्पादन दे सकें। इसके लिए डब्ल्यूएच-1402, डब्ल्यूएच-1142 और डीबीडब्ल्यू-296 जैसी किस्मों को सीमित सिंचाई में उत्पादन के लिए उपयुक्त बताया गया है।

डब्ल्यूएच-1402 में दो सिंचाई की सलाह

डब्ल्यूएच-1402 किस्म में दो सिंचाई की सिफारिश की गई है। पहली सिंचाई बुवाई के करीब 25 दिन और दूसरी 70-80 दिन बाद करने की सलाह दी गई है। विभाग के अनुसार यह किस्म करीब 147 दिन में पककर तैयार होती है। इसकी औसत पैदावार 12 क्विंटल प्रति बीघा और अधिकतम पैदावार 17 क्विंटल प्रति बीघा दर्ज की गई है।

डीबीडब्ल्यू-296 में दो से तीन सिंचाई

डीबीडब्ल्यू-296 (करण ऐश्वर्या) किस्म को भी दो से तीन सिंचाई में उत्पादन देने वाली किस्म बताया गया है। इसकी औसत उपज करीब 14 क्विंटल प्रति बीघा और अनुकूल परिस्थितियों में संभावित उत्पादन क्षमता 20 क्विंटल प्रति बीघा तक बताई गई है। विभाग के अनुसार यह किस्म सूखा और अधिक तापमान सहनशील है। यह रोटी, बिस्किट, ब्रेड और नान के लिए उपयुक्त है। डब्ल्यूएच-1402 और डीबीडब्ल्यू-296 में पीला, काला और भूरा रतुआ तथा करनाल बंट रोग के प्रति अधिक प्रतिरोधक क्षमता बताई गई है।

जल संरक्षण को फसल उत्पादन की रणनीति बनाने पर जोर

कृषि विभाग ने जल संरक्षण को फसल उत्पादन की मुख्य रणनीति बनाने पर जोर दिया है। खेत तालाब, भू-जल पुनर्भरण, खेतों का समतलीकरण और सूक्ष्म सिंचाई जैसी व्यवस्थाओं को सौर ऊर्जा, जल दक्षता और डिजिटल तकनीक से जोड़कर पानी की प्रत्येक बूंद से अधिक उत्पादन और आय प्राप्त करने की दिशा में काम करने की आवश्यकता बताई गई है। विभाग के अनुसार सरसों और चने की उन्नत फसल तकनीक तथा कम पानी वाली जलवायु अनुकूल किस्मों को अपनाकर कम लागत में बेहतर पैदावार ली जा सकती है। इससे खाद्य तेल और दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता के साथ पैदावार, पोषण और पर्यावरण सुरक्षा के बीच संतुलन बनाने में मदद मिल सकती है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture