रायपुर : ग्रीष्मकालीन धान की जगह दलहन-तिलहन की खेती अपनाएं किसान, पानी की होगी बचत
27 नवंबर 2026, रायपुर: रायपुर : ग्रीष्मकालीन धान की जगह दलहन-तिलहन की खेती अपनाएं किसान, पानी की होगी बचत – भू-जल स्तर को नियंत्रित करने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए राज्य शासन ने किसानों से ग्रीष्मकालीन धान की फसल नहीं लेने की अपील की है। शासन ने किसानों को कम पानी में तैयार होने वाली लाभकारी दलहन और तिलहन फसलों की खेती अपनाने की सलाह दी है। इसी कड़ी में बेमेतरा जिला प्रशासन ने जिले की कृषि परिस्थितियों, स्थानीय मिट्टी और सिंचाई की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए चना, मूंग, उड़द, मक्का, सूरजमुखी, तिल, सब्जियां, तरबूज और खरबूज जैसी वैकल्पिक फसलें लगाने की सलाह दी है।
ग्रीष्मकालीन धान की खेती में अत्यधिक सिंचाई की आवश्यकता होती है, जिससे जिले के भू-जल स्तर में लगातार गिरावट आ रही है। भूमिगत जल के अत्यधिक दोहन से गर्मी के दिनों में नागरिकों और मवेशियों के लिए पेयजल संकट गहराने का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा लगातार धान की फसल लेने से मिट्टी के पोषक तत्वों में कमी आती है और उत्पादन लागत भी बढ़ती है।
दलहन-तिलहन की खेती से कम पानी में अधिक लाभ
चना, मूंग, उड़द, सरसों, तिल और सूरजमुखी जैसी फसलों में धान की तुलना में काफी कम पानी की आवश्यकता होती है। बाजार में इनकी अच्छी मांग और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी की सुविधा से किसानों को बेहतर लाभ मिल सकता है। दलहनी फसलों की जड़ें वायुमंडल से नाइट्रोजन लेकर मिट्टी में स्थिर करती हैं, जिससे अगली फसल के लिए उर्वरक पर होने वाला खर्च कम होता है।
21 सहकारी समितियों में एमएसपी पर खरीदी
किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) के तहत बेमेतरा जिले की 21 सहकारी समितियों में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की व्यवस्था की गई है। केंद्र सरकार ने रबी विपणन वर्ष 2027-28 के लिए मसूर का एमएसपी 7,390 रुपये, सरसों का 6,613 रुपये और चने का 5,958 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।
बीज अनुदान और तकनीकी मार्गदर्शन
कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, फसल विविधीकरण अपनाने वाले किसानों को शासन की योजनाओं में प्राथमिकता दी जा रही है। उन्नत किस्मों के प्रमाणित बीजों पर विशेष अनुदान भी मिल रहा है। इसके साथ ही कृषि विज्ञान केंद्र और मैदानी अमले द्वारा किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। प्रशासन ने किसानों से भविष्य में जल संकट की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ग्रीष्मकालीन धान की बुवाई नहीं करने की अपील की है। बीज और विस्तृत जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या विकासखंड कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
सहकारी समितियों के माध्यम से कोदो, कुटकी और रागी की खरीदी
छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित (मार्कफेड) और राज्य नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा खरीफ वर्ष 2026 में उत्पादित लघु धान्य मिलेट्स (श्री-अन्न) कोदो, कुटकी और रागी का उपार्जन किया जाएगा। इसके लिए धान उपार्जन में अपनाई जाने वाली प्रचलित व्यवस्था के अनुसार राशि की व्यवस्था, उपार्जित मात्रा का सुरक्षित रख-रखाव और उठाव किया जाएगा।
जिले में उपार्जन केंद्रों के लिए प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति देवरबीजा, दाढ़ी, नवागढ़ और मऊ का चयन किया गया है। कोदो, कुटकी और रागी की खरीदी के लिए किसानों का एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन होना आवश्यक है। रकबा सत्यापन एग्रीस्टेक और डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) के माध्यम से किया जाएगा। जिन क्षेत्रों में रकबे की पुष्टि के लिए डीसीएस का डाटा उपलब्ध नहीं है, वहां संबंधित फसल के रकबे का सत्यापन राजस्व विभाग द्वारा गिरदावरी के माध्यम से किया जाएगा। इसे भी उपार्जन के लिए पात्रता निर्धारण में मान्य किया जाएगा।
खरीफ वर्ष 2026 में उत्पादित लघु धान्य फसलों की खरीदी पूर्व वर्ष की तरह निर्धारित मात्रा के अनुसार की जाएगी। इसके तहत कोदो 3.50 क्विंटल प्रति एकड़, कुटकी 2 क्विंटल प्रति एकड़ और रागी 3.50 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से खरीदी जाएगी। लघु धान्य मिलेट्स कोदो, कुटकी और रागी के उपार्जन की अवधि 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक निर्धारित की गई है। कृषि विभाग ने किसानों से एकीकृत किसान पोर्टल के माध्यम से पंजीयन कराने की अपील की है। शासन द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य के अनुसार कोदो 3,200 रुपये, कुटकी 3,350 रुपये और रागी 5,205 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी जाएगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


