रायपुर : एनआईबीएसएम में 35 किसानों को सरसों की उन्नत खेती का प्रायोगिक प्रशिक्षण, 50 एकड़ के लिए बांटे बीज
27 नवंबर 2026, रायपुर: रायपुर : एनआईबीएसएम में 35 किसानों को सरसों की उन्नत खेती का प्रायोगिक प्रशिक्षण, 50 एकड़ के लिए बांटे बीज – भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (एनआईबीएसएम), रायपुर में खेत बचाओ अभियान रबी 2026 के अंतर्गत किसान जागरूकता एवं सरसों की उन्नत खेती पर प्रायोगिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को धान की कटाई के बाद फसल अवशेषों के वैज्ञानिक प्रबंधन, रबी फसलों के विविधीकरण और सरसों की उन्नत खेती की तकनीकों की जानकारी दी गई। इसमें ग्राम पचेरी, बिठिया और बेलटुकरी से आए कुल 35 किसान एवं कृषक महिलाओं ने भाग लिया।
फसल अवशेष जलाने के बजाय मिट्टी में मिलाने की सलाह
कार्यक्रम में संस्थान के संयुक्त निदेशक डॉ. पंकज शर्मा ने धान की कटाई के बाद खेतों में बचे फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने किसानों को बताया कि फसल अवशेषों को जलाने के बजाय मल्चर जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों की मदद से छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर मिट्टी में मिलाना चाहिए।
इससे मिट्टी में जैविक पदार्थों की मात्रा बढ़ती है, मृदा संरचना में सुधार होता है और भूमि की उर्वरता एवं स्वास्थ्य बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने किसानों को धान की समय पर कटाई, खेत की उचित तैयारी और उपलब्ध समय का बेहतर उपयोग करते हुए रबी मौसम में दलहनी एवं तिलहनी फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
95-110 दिन में तैयार होती है सरसों की फसल
डॉ. शर्मा ने सरसों की खेती की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह कम बीज दर और सीमित सिंचाई में भी अच्छी उपज देने वाली महत्वपूर्ण तिलहनी फसल है। उन्होंने सरसों की उन्नत किस्म आरएच 150-35 की विशेषताओं के साथ बुवाई का उपयुक्त समय, बीज दर, कतारों के बीच दूरी, उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई और अन्य आवश्यक कृषि क्रियाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सरसों की समय पर बुवाई, विशेषकर दिसंबर के पहले सप्ताह से पहले, और वैज्ञानिक फसल प्रबंधन अपनाने पर लगभग 10-12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक उपज प्राप्त की जा सकती है। यह फसल लगभग 95-110 दिनों में पककर तैयार हो जाती है। ऐसे में किसान कम अवधि में सरसों की खेती से अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं।
खेत में ले जाकर दिखाई उन्नत किस्म की फसल
प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी और व्यावहारिक बनाने के लिए किसानों को संस्थान के प्रक्षेत्र में ले जाया गया। यहां उन्हें सरसों की किस्म आरएच 150-35 के प्रदर्शन का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया। डॉ. शर्मा ने खेत में खड़ी फसल के पौधों की स्थिति दिखाते हुए वर्तमान अवस्था में की जाने वाली आवश्यक कृषि क्रियाओं, फसल प्रबंधन और बेहतर उत्पादन के लिए अपनाई जाने वाली वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी। इससे किसानों को सरसों की उन्नत खेती की तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला।
50 एकड़ में सरसों की खेती के लिए बांटे उन्नत बीज
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बेलटुकरी के सरपंच संतोष कुर्रे भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर किसानों को लगभग 50 एकड़ क्षेत्र में सरसों की खेती के लिए उन्नत किस्म आरएच 150-35 का बीज वितरित किया गया। इसका उद्देश्य किसानों को अपने खेतों में उन्नत तकनीकों को अपनाने और तिलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. के.सी. शर्मा ने किया। इस पहल के माध्यम से किसानों को फसल अवशेषों के वैज्ञानिक प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण और रबी मौसम में सरसों की उन्नत खेती अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


