Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

सौराष्ट्र में कपास पर गुलाबी सुंडी और रस चूसक कीटों का हमला, वैज्ञानिकों ने दी फेरोमोन ट्रैप और स्प्रे की सलाह

28 नवंबर 2026, राजकोट, गुजरात: सौराष्ट्र में कपास पर गुलाबी सुंडी और रस चूसक कीटों का हमला, वैज्ञानिकों ने दी फेरोमोन ट्रैप और स्प्रे की सलाह – गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ इलाके में कपास की फसल पर इन दिनों गुलाबी सुंडी (पिंक बॉलवर्म) के साथ-साथ माहू, सफेद मक्खी और तेला जैसे रस चूसक कीटों का असर देखा जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग की कृषि-मौसम सलाहकार सेवा के तहत राजकोट, मोरबी, सुरेंद्रनगर, देवभूमि द्वारका, अमरेली और जामनगर जिलों के लिए 24 नवंबर को जारी बुलेटिन में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को तुरंत निगरानी और जरूरत पड़ने पर छिड़काव की सलाह दी है। इस समय कपास की फसल फूल, घेंटा बनने और घेंटा खुलने की अवस्था में है।

बुलेटिन के मुताबिक मौजूदा मौसम की स्थिति गुलाबी सुंडी के प्रकोप के लिए अनुकूल बनी हुई है। वैज्ञानिकों ने किसानों से कहा है कि वे निगरानी के लिए प्रति हेक्टेयर पांच से छह फेरोमोन ट्रैप खेत में लगाएं। अगर सुंडी का प्रकोप दिखे तो संक्रमित फूल और घेंटों को हाथ से तोड़कर मिट्टी में दबा देना चाहिए। इसके साथ ही प्रोफेनोफॉस 50 ईसी की 20 मिलीलीटर मात्रा 10 लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करने की सलाह दी गई है।

रस चूसक कीटों पर भी नजर जरूरी

कपास की फसल में माहू, सफेद मक्खी और तेला जैसे रस चूसक कीटों का प्रकोप भी देखा जा रहा है। बुलेटिन के अनुसार जब इन कीटों की संख्या आर्थिक क्षति स्तर यानी ईटीएल से ज्यादा हो जाए, तभी छिड़काव करना चाहिए, हर हाल में स्प्रे करने की जरूरत नहीं। ऐसी स्थिति में एसिफेट 75 प्रतिशत एसपी की 15 ग्राम मात्रा या फ्लोनिकामिड की 3 ग्राम मात्रा को 1500 पीपीएम नीम तेल के 40 मिलीलीटर के साथ मिलाकर 10 लीटर पानी में घोलकर छिड़कने की सलाह दी गई है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

वैज्ञानिकों ने यह भी चेताया है कि कपास में जरूरत से ज्यादा नाइट्रोजन उर्वरक का इस्तेमाल गुलाबी सुंडी के प्रकोप को और बढ़ा सकता है, इसलिए किसानों को नियंत्रित मात्रा में ही सिंचाई और उर्वरक देने की सलाह दी गई है। घेंटे खुलने और चुनाई के समय सुबह के वक्त ही कपास चुनने की सलाह भी दी गई है, ताकि रेशे की गुणवत्ता बनी रहे।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

इसी बुलेटिन में कच्छ के भचाऊ इलाके के लिए जड़ गलन रोग की भी चेतावनी दी गई है। जहां यह रोग दिखना शुरू हो, वहां बिना बारिश के मौसम में पौधे के तने के आसपास कॉपर ऑक्सीक्लोराइड 50 प्रतिशत डब्ल्यूपी का 0.2 प्रतिशत घोल, यानी 40 ग्राम प्रति 10 लीटर पानी, डालने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 28 नवंबर से 3 दिसंबर तक क्षेत्र में शुष्क और साफ मौसम बने रहने का अनुमान है, जो छिड़काव के लिए अनुकूल समय माना जा रहा है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture