भारत के कृषि उत्पादन में नया कीर्तिमान, 2025-26 में रिकॉर्ड 3785.38 लाख टन पहुंचा खाद्यान्न उत्पादन
27 नवंबर 2026, नई दिल्ली: भारत के कृषि उत्पादन में नया कीर्तिमान, 2025-26 में रिकॉर्ड 3785.38 लाख टन पहुंचा खाद्यान्न उत्पादन – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्ष 2025-26 के प्रमुख कृषि फसलों के अंतिम उत्पादन अनुमान और वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान जारी किए। इस दौरान उन्होंने देश के कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि भारत चावल, दलहन, जूट, मिलेट्स (मोटे अनाज) और मसालों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर पहुंच गया है।
वर्ष 2025-26 में देश का कुल खाद्यान्न उत्पादन रिकॉर्ड 3785.38 लाख टन रहा है। वहीं, अल नीनो और मानसून में देरी जैसी मौसमी चुनौतियों के बावजूद खरीफ 2026-27 में 1671.43 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न उत्पादन का अनुमान है, जो पिछले पांच वर्षों के औसत से 97.67 लाख टन अधिक है।
वैश्विक कृषि उत्पादन में भारत की मजबूत स्थिति
दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत अपनी घरेलू खाद्य जरूरतों को पूरा करने के साथ ही दुनिया के अन्न भंडार में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। वैश्विक कृषि रैंकिंग में भारत चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज और मसालों के उत्पादन में पहले स्थान पर है। वहीं, गेहूं, कपास, मूंगफली और फल-सब्जियों के उत्पादन में चीन के बाद दूसरे तथा गन्ना उत्पादन में ब्राजील के बाद दूसरे स्थान पर है।
उन्होंने कहा कि देश में चावल और गेहूं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। भारतीय चावल की वैश्विक बाजार में मांग बढ़ रही है और इसके निर्यात में 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। अमेरिका, कनाडा और मिडिल ईस्ट सहित दुनिया के कई देशों में भारतीय बासमती चावल की मांग है।
दलहन और तिलहन में आत्मनिर्भरता पर जोर
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि चावल और गेहूं में सरप्लस स्थिति हासिल करने के बाद अब सरकार का ध्यान फसल विविधीकरण और दलहन-तिलहन के उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करने पर है। देश में दालों और खाद्य तेलों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसे पूरा करने के लिए दलहन मिशन और तिलहन मिशन के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम कृषि उत्पादन के अंतिम आंकड़ों में दिखाई दे रहे हैं।
2025-26 में खाद्यान्न उत्पादन 3785.38 लाख टन
केंद्रीय मंत्री द्वारा जारी वर्ष 2025-26 के अंतिम उत्पादन अनुमानों के अनुसार, देश में कुल खाद्यान्न उत्पादन 3785.38 लाख टन दर्ज किया गया है। यह वर्ष 2024-25 के 3577.32 लाख टन की तुलना में 208.06 लाख टन अधिक है।
चावल और गेहूं का रिकॉर्ड उत्पादन
वर्ष 2025-26 में चावल का कुल उत्पादन 1551.54 लाख टन रहा, जबकि वर्ष 2024-25 में यह 1501.84 लाख टन था। इस तरह चावल उत्पादन में 49.70 लाख टन की बढ़ोतरी हुई। वहीं, गेहूं का उत्पादन पिछले वर्ष के 1179.45 लाख टन से बढ़कर 1220.64 लाख टन पहुंच गया। इसमें 41.19 लाख टन की वृद्धि दर्ज की गई।
मक्का, श्री अन्न और दलहन उत्पादन
देश में मक्का का उत्पादन वर्ष 2024-25 के 434.09 लाख टन से बढ़कर 550.25 लाख टन हो गया। पोषक एवं मोटे अनाज का कुल उत्पादन 740.80 लाख टन रहा, जिसमें श्री अन्न का योगदान 172.09 लाख टन है। कुल दलहन उत्पादन भी पिछले वर्ष के 256.83 लाख टन से बढ़कर 272.40 लाख टन पहुंच गया। इसमें 15.57 लाख टन की वृद्धि हुई। प्रमुख दलहन फसलों में मूंग का उत्पादन 43.96 लाख टन के नए रिकॉर्ड पर रहा, जबकि चने का उत्पादन 125.13 लाख टन और तुअर (अरहर) का उत्पादन 35.99 लाख टन दर्ज किया गया।
तिलहन और नकदी फसलों का उत्पादन
वर्ष 2025-26 में कुल तिलहन उत्पादन 432.55 लाख टन रहा, जो पिछले वर्ष के 429.89 लाख टन से 2.66 लाख टन अधिक है। मूंगफली का उत्पादन 131.71 लाख टन रहा, जो पिछले वर्ष के 119.42 लाख टन से 12.29 लाख टन अधिक है। इसी तरह रेपसीड और सरसों का उत्पादन 137.66 लाख टन दर्ज किया गया, जबकि पिछले वर्ष यह 126.67 लाख टन था। सोयाबीन का उत्पादन 126.36 लाख टन रहा।
नकदी फसलों में गन्ने का उत्पादन 5037.29 लाख टन, कपास का उत्पादन 280.06 लाख गांठें और जूट एवं मेस्ता का उत्पादन 94.28 लाख गांठें दर्ज किया गया। कपास की प्रत्येक गांठ 170 किलोग्राम और जूट एवं मेस्ता की प्रत्येक गांठ 180 किलोग्राम की है।
खरीफ 2026-27 में 1671.43 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का अनुमान
वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमानों के अनुसार, देश में कुल खाद्यान्न उत्पादन 1671.43 लाख मीट्रिक टन रहने की संभावना है। यह पिछले पांच वर्षों के औसत खरीफ उत्पादन से 97.67 लाख टन अधिक है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि इस बार अल नीनो की वापसी, जून में मानसून की देरी और 35 से 40 प्रतिशत कम बारिश जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश जैसे प्रमुख कृषि क्षेत्रों में मिट्टी की नमी कम होने और सूखे की स्थिति के कारण धान, मक्का, तुअर, सोयाबीन और कपास जैसी फसलों की बुवाई प्रभावित हुई। इसके बावजूद किसानों के परिश्रम, सरकारी योजनाओं और वैज्ञानिकों द्वारा विकसित जलवायु-अनुकूल किस्मों की मदद से खरीफ खाद्यान्न उत्पादन पिछले पांच वर्षों के औसत से अधिक रहने का अनुमान है।
खरीफ चावल और मोटे अनाज का उत्पादन
खरीफ सीजन में चावल का उत्पादन 1219.05 लाख टन रहने का अनुमान है। वहीं, पोषक एवं मोटे अनाज का कुल उत्पादन 381.05 लाख टन रहने की संभावना है। इसमें मक्का 260.64 लाख टन, बाजरा 89.43 लाख टन, ज्वार 14.79 लाख टन, रागी 12.48 लाख टन और छोटे मिलेट्स 3.71 लाख टन शामिल हैं।
खरीफ दलहन और तिलहन उत्पादन
खरीफ सीजन में कुल दलहन उत्पादन 71.32 लाख टन रहने का अनुमान है। इसमें तुअर 31.22 लाख टन, मूंग 16.59 लाख टन, उड़द 14.49 लाख टन और अन्य दालें 9.02 लाख टन शामिल हैं। वहीं, कुल खरीफ तिलहन उत्पादन 239.47 लाख टन रहने की संभावना है। इसमें मूंगफली 111.68 लाख टन, सोयाबीन 102.44 लाख टन, अरंडी 18.97 लाख टन, तिल 4.91 लाख टन, सूरजमुखी 1.17 लाख टन और रामतिल 0.30 लाख टन शामिल हैं।
खरीफ नकदी फसलों का अनुमान
प्रथम अग्रिम अनुमान के अनुसार, खरीफ सीजन में गन्ने का उत्पादन 4543.39 लाख टन रहने की संभावना है। वहीं, कपास का उत्पादन 248.66 लाख गांठें और जूट एवं मेस्ता का उत्पादन 97.06 लाख गांठें अनुमानित है। कपास की प्रत्येक गांठ 170 किलोग्राम और जूट एवं मेस्ता की प्रत्येक गांठ 180 किलोग्राम की है।
डिजिटल क्रॉप सर्वे और वैज्ञानिक सत्यापन से तैयार हुए आंकड़े
कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने बताया कि ये प्रारंभिक अनुमान हैं, जिन्हें कटाई के समय होने वाले फसल कटाई प्रयोगों (CCEs) के वास्तविक उपज आंकड़े प्राप्त होने के बाद द्वितीय और अंतिम अनुमानों में संशोधित किया जाएगा। दोनों वर्षों के आंकड़े राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से प्राप्त जानकारियों के साथ-साथ रिमोट सेंसिंग, साप्ताहिक फसल मौसम निगरानी समूह (CWWG), डिजिटल क्रॉप सर्वे, डिजिटल जनरल क्रॉप एस्टिमेशन सर्वे और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ परामर्श व त्रि-स्तरीय सत्यापन (वैलिडेशन और ट्रायंगुलेशन) के बाद तैयार किए गए हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


