असम में मखाना की खेती का बढ़ेगा दायरा, 15 हजार एकड़ में उत्पादन की तैयारी; असम के कृषि मंत्री ने शिवराज सिंह से मांगी मदद
27 नवंबर 2026, नई दिल्ली: असम में मखाना की खेती का बढ़ेगा दायरा, 15 हजार एकड़ में उत्पादन की तैयारी; असम के कृषि मंत्री ने शिवराज सिंह से मांगी मदद – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से असम के कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच असम में कृषि क्षेत्र के विकास, मखाना की खेती का विस्तार, ऑयल पाम की खेती को बढ़ावा देने और बागवानी क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न पहलों पर चर्चा हुई। असम सरकार राज्य में लगभग 15 हजार एकड़ क्षेत्र में मखाना की खेती करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए राज्य के कृषि मंत्री ने केंद्र सरकार से वित्तीय और अन्य आवश्यक सहायता का अनुरोध किया।
मखाना की खेती के लिए केंद्र से मांगी वित्तीय सहायता
बैठक के दौरान असम के कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने बताया कि राज्य की जलवायु परिस्थितियां बिहार के समान हैं। ऐसे में असम में मखाना की खेती के विस्तार की अच्छी संभावनाएं हैं। राज्य सरकार लगभग 15 हजार एकड़ क्षेत्र में इसकी खेती करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार से वित्तीय सहायता मांगी।
इसके अलावा उन्होंने राज्य में ऑयल पाम की खेती को प्रोत्साहन देने और बागवानी क्षेत्र के विकास के लिए भी केंद्र से आवश्यक सहयोग का अनुरोध किया। श्री हजारिका ने आगामी वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने की राज्य की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
शिवराज सिंह चौहान ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने असम में कृषि क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसानों का कल्याण और कृषि क्षेत्र का समग्र विकास केंद्र सरकार की प्राथमिकता है। केंद्र सरकार राज्यों के साथ समन्वय और सहयोग के माध्यम से कृषि विकास से जुड़ी पहलों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने असम सरकार की ओर से रखे गए प्रस्तावों और मांगों को गंभीरता से सुना। साथ ही राज्य में कृषि क्षेत्र में हो रही प्रगति और सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने फसल विविधीकरण, नई कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहन देने और किसानों के लिए बेहतर अवसर सृजित करने के महत्व पर भी जोर दिया।
असम के कृषि मंत्री ने जताया आभार
बैठक के बाद असम के कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने केंद्रीय कृषि मंत्री द्वारा उनकी मांगों को सकारात्मक रूप से सुनने और राज्य को आने वाले समय में अधिक सहयोग देने का आश्वासन दिए जाने पर आभार व्यक्त किया। इस बैठक में केंद्र और असम सरकार के कृषि विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


