Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर बिहार को मिली कई डेयरी परियोजनाओं की सौगात, 2 लाख लीटर क्षमता का प्लांट भी हुआ शुरू

27 नवंबर 2026, नई दिल्ली: राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर बिहार को मिली कई डेयरी परियोजनाओं की सौगात, 2 लाख लीटर क्षमता का प्लांट भी हुआ शुरू – बिहार के पटना स्थित बापू सभागार में 26 नवंबर को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और राज्य के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में डेयरी क्षेत्र से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया गया। साथ ही पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र की रिपोर्ट जारी करने के अलावा गोपाल रत्न पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

बिहार में दूध उत्पादन बढ़ाकर 1 करोड़ लीटर करने का लक्ष्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में फिलहाल प्रतिदिन करीब 48 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। राज्य सरकार ने इसे बढ़ाकर प्रतिदिन 1 करोड़ लीटर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि डेयरी और पशुपालन क्षेत्र का विकास किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने गोपाल रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वाले पशुपालकों और डेयरी क्षेत्र से जुड़े लोगों को बधाई दी। उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में पशुपालन और डेयरी क्षेत्र के योगदान पर भी जोर दिया।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

देश में दूध उत्पादन 253.81 मिलियन टन रहने का अनुमान

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि भारत दुनिया के कुल दूध उत्पादन में करीब एक-चौथाई योगदान के साथ वैश्विक डेयरी क्षेत्र में अग्रणी है। वर्ष 2013-14 की तुलना में देश के दूध उत्पादन में करीब 84 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि भारत अंडा उत्पादन में दूसरे और मांस उत्पादन में चौथे स्थान पर है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

केंद्रीय मंत्री ने बिहार में दूध उत्पादन में हुई वृद्धि का भी उल्लेख किया। राज्य में वर्ष 2013-14 के दौरान दूध उत्पादन 7.19 मिलियन टन था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 13.76 मिलियन टन हो गया। इस तरह इसमें करीब 91 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। कार्यक्रम में बेसिक एनिमल हसबेंडरी स्टैटिस्टिक्स (BAHS) 2026 रिपोर्ट जारी की गई। यह रिपोर्ट 1 मार्च 2025 से 28 फरवरी 2026 तक किए गए इंटीग्रेटेड सैंपल सर्वे पर आधारित है। इसके अनुसार, देश में दूध उत्पादन 253.81 मिलियन टन, अंडा उत्पादन 156.88 अरब और मांस उत्पादन 10.63 मिलियन टन रहने का अनुमान है। इसमें पोल्ट्री मीट का उत्पादन 5.13 मिलियन टन रहने का अनुमान जताया गया है।

2 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाला प्लांट राष्ट्र को समर्पित

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर बिहार में डेयरी क्षेत्र से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया गया। इनमें पटना के बिहटा स्थित सिकंदरपुर में नमस्ते इंडिया का 2 LLPD यानी प्रतिदिन 2 लाख लीटर क्षमता वाला दूध प्रसंस्करण प्लांट शामिल है। इस प्लांट को एनिमल हसबेंडरी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड (AHIDF) के सहयोग से स्थापित किया गया है और इसे राष्ट्र को समर्पित किया गया।

इसके अलावा नेशनल प्रोग्राम फॉर डेयरी डेवलपमेंट (NPDD) के तहत डेयरी सहकारी समितियों के लिए डेटा प्रोसेसिंग और मिल्क कलेक्शन यूनिट (DPMCU) से जुड़ी परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया गया। पटना स्थित वीपीएमयू और मुजफ्फरपुर स्थित तिमुल में मिनरल मिक्सचर प्लांट तथा समस्तीपुर के मिथिला मिल्क यूनियन में एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) का भी उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही लाइवस्टॉक हेल्थ एंड डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम (LHDCP) के तहत पशु चिकित्सा दवा बिक्री केंद्रों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

डेयरी सहकारी समितियों की रेटिंग के लिए पोर्टल लॉन्च

कार्यक्रम के दौरान डेयरी सहकारी समितियों और मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन (MPO) की रेटिंग एवं ग्रेडिंग के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की गई। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल भी लॉन्च किया गया।

इसके अलावा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए देश के पशुधन और डेयरी क्षेत्र के लिए जलवायु अनुकूल रोडमैप जारी किया गया। केंद्रीय मंत्री ने पशुओं में होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत खुरपका-मुंहपका (FMD) टीकाकरण और राष्ट्रीय गोकुल मिशन सहित केंद्र सरकार की विभिन्न पहलों का भी उल्लेख किया।

सुधा ब्रांड के नए उत्पाद लॉन्च, पशुपालकों को मिले गोपाल रत्न पुरस्कार

कार्यक्रम में सुधा ब्रांड के तहत मखाना खीर और रबड़ी उत्पाद लॉन्च किए गए। साथ ही सुधा बिक्री केंद्रों की चाबियां भी सौंपी गईं। आयोजन में डेयरी क्षेत्र की तकनीक, उपकरण, पशु पोषण, दूध जांच और डेयरी उत्पादों से जुड़ी प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 प्रदान किए गए। ये पुरस्कार स्वदेशी गाय और भैंस की नस्लों का पालन करने वाले सर्वश्रेष्ठ डेयरी किसान, सर्वश्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन और सर्वश्रेष्ठ डेयरी सहकारी समिति, मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी एवं डेयरी एफपीओ जैसी श्रेणियों में दिए गए। पूर्वोत्तर और हिमालयी राज्यों के विजेताओं के लिए विशेष पुरस्कार भी रखे गए।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने डेयरी क्षेत्र में किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं के सशक्तीकरण, ग्रामीण रोजगार और टिकाऊ डेयरी विकास को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इस दौरान प्रगतिशील डेयरी किसानों के साथ परिचर्चा भी आयोजित की गई।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture