खेती और मछली पालन से गायत्री उइके बनीं लखपति दीदी, बिहान योजना से बदली आर्थिक स्थिति
27 नवंबर 2026, रायपुर: खेती और मछली पालन से गायत्री उइके बनीं लखपति दीदी, बिहान योजना से बदली आर्थिक स्थिति – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं खेती और अन्य आजीविका गतिविधियों के माध्यम से अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की ग्राम पंचायत विषेशरा की श्रीमती गायत्री उइके ने खेती और मछली पालन को आजीविका का आधार बनाकर लखपति दीदी बनने का सपना साकार किया है।
ग्राम पंचायत विषेशरा में गंगा महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ी गायत्री उइके ने विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आजीविका के साधनों का विस्तार किया। उन्होंने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत निर्मित डबरी में मछली पालन शुरू किया। इसके साथ ही उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाकर सब्जी उत्पादन भी शुरू किया।
गायत्री उइके मचान और मल्चिंग विधि से बरबटी, लौकी और मटर की खेती कर अतिरिक्त आय अर्जित कर रही हैं। खेती और मछली पालन को साथ लेकर चलने से उनकी आमदनी में वृद्धि हुई और वे लखपति दीदी बनने में सफल रहीं।
उनकी सफलता बताती है कि स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग, आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और शासकीय योजनाओं के समन्वय से ग्रामीण क्षेत्रों में आय के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं। एक से अधिक आजीविका गतिविधियों से जुड़कर महिलाएं अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ परिवार की खुशहाली में भी योगदान दे रही हैं।
एकीकृत खेती से महिलाएं बढ़ा रहीं आमदनी
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में बिहान के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को कृषि आधारित आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आमदनी बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत कुदारी में भी एकीकृत कृषि समूह के तहत महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य जिमीकंद का उत्पादन कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्नत कृषि पद्धतियों और अलग-अलग आजीविका गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं के लिए आय के नए रास्ते खुल रहे हैं।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत महिलाओं को संगठित कर उनके कौशल विकास, उद्यमशीलता और आजीविका संवर्धन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। कृषि, सब्जी उत्पादन और मछली पालन जैसी गतिविधियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ महिला सशक्तीकरण का आधार बन रही हैं। गायत्री उइके की उपलब्धि ग्रामीण महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की मिसाल है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत, उन्नत तकनीक और शासकीय योजनाओं के बेहतर उपयोग से आर्थिक समृद्धि की राह बनाई जा सकती है। बिहान से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं अपने सपनों को साकार करने के साथ परिवार और समाज के आर्थिक विकास में भी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


