छत्तीसगढ़ में धान खरीदी तेज, अब तक 5.64 लाख क्विंटल धान का हुआ उपार्जन
26 नवंबर 2026, रायपुर: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी तेज, अब तक 5.64 लाख क्विंटल धान का हुआ उपार्जन – छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी महाअभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। किसानों की मेहनत को सम्मान देने और उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बिलासपुर जिले के सेन्द्री स्थित धान उपार्जन केंद्र से धान खरीदी अभियान का शुभारंभ किया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने एक दिन पहले 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से प्रदेशव्यापी धान खरीदी महाअभियान की शुरुआत की थी। प्रदेशभर में धान खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विभिन्न जिलों में उपार्जन की प्रक्रिया जारी है।
प्रदेश में 3100 धान उपार्जन केंद्र स्थापित
राज्य सरकार ने इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए प्रदेशभर में कुल 3100 धान उपार्जन केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें से 2847 केंद्रों पर टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जबकि 2030 केंद्रों में धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। धान खरीदी अभियान के तहत शाम 7 बजे तक प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में कुल 5 लाख 64 हजार 470 क्विंटल धान का उपार्जन किया जा चुका है। इसमें 3 लाख 26 हजार 110 क्विंटल मोटा धान, 2 लाख 16 हजार 482 क्विंटल पतला धान और 21 हजार 877 क्विंटल सरना धान शामिल है।
बालोद जिले में सबसे ज्यादा धान की खरीदी
जिलावार आंकड़ों के अनुसार, धान खरीदी के मामले में बालोद जिला सबसे आगे रहा। यहां अब तक 67,125.20 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है। इसके अलावा राजनांदगांव जिले में 64,095.60 क्विंटल और महासमुंद जिले में 56,454 क्विंटल धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी की गई है।
किसानों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाएं
राज्य सरकार द्वारा धान उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए सुव्यवस्थित खरीदी, टोकन व्यवस्था और पारदर्शी प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो और उन्हें उपज का उचित मूल्य मिल सके। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आर्थिक समृद्धि, कृषि क्षेत्र के विकास और अन्नदाताओं को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। धरमजयगढ़ से शुरू हुआ धान खरीदी महाअभियान अब सेन्द्री सहित प्रदेश के विभिन्न उपार्जन केंद्रों तक पहुंच चुका है। इससे प्रदेशभर में धान खरीदी की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


