उद्यानिकी फसलों से मालामाल हो रहे हरदा जिले के किसान
26 नवंबर 2026, हरदा: उद्यानिकी फसलों से मालामाल हो रहे हरदा जिले के किसान – जिले में परम्परागत खेती के साथ-साथ किसान उद्यानिकी फसलें अपनाकर भी मालामाल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत गत दिनों जिले के भ्रमण पर निकले कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने ग्राम कमताड़ा में बंदीमुहाड़िया निवासी श्री राकेश बांके के खेत में मिर्च की फसल का अवलोकन किया। कलेक्टर ने इस दौरान मिर्च की खेती में उर्वरक डालने की स्वचलित तकनीकी पद्धति भी देखी।
इस दौरान श्री बांके ने बताया कि वे कमताड़ा, बंदीमुहाड़िया और मसनगांव में 105 एकड़ जमीन में आधूनिक पद्धति से मिर्च की खेती कर रहे। उनके खेत से उत्पादित मिर्च व्यापारियों के माध्यम से विदेश तक जा रही है। मिर्च की खेती से उन्हें सालाना 2 से ढाई करोड़ रूपये तक का फायदा हो रहा है। श्री राकेश बांके को उद्यानिकी विभाग से भी अनुदान सहायता प्रदान की गई है। इसी तरह ग्राम आमासेल निवासी कृषक श्री राम रामनाथ गुर्जर ने अपने एक एकड़ खेत में शेड नेट हाउस बनाया है एवं वे सब्जी की फसलों के सीडलिंग तैयार करते हैं। एक सीजन में 10 लाख तक पौधों का विक्रय होता है। श्री गुर्जर दो सीजन में सालाना 5 लाख से अधिक की आय प्राप्त कर रहे हैं। उनको उद्यानिकी मिशन अंतर्गत 14 लाख 20 हजार रूपये की अनुदान राशि उपलब्ध कराई गई है। खेत में शेडनेट तैयार करने में लगभग 28 लाख रुपये की लागत आई है।
उक्त उद्यमी किसानों से चर्चा के उपरान्त कलेक्टर ने अन्य किसानों को समझाईश दी कि वे उद्यानिकी के लाभदायी क्षेत्र में आगे आयें। जिले में उद्यानिकी फसलों के लिये अनुकूल वातावरण है। पात्र किसानों को सरकारी योजनाओं से भी आवश्यक मदद दी जाएगी। उन्होने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे ज्यादा से ज्यादा किसानों को उद्यानिकी के क्षेत्र में आगे आने के लिये प्रेरित करें। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल एवं सीईओ जिला पंचायत श्री नरोत्तम भार्गव भी उनके साथ थे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


