दुधारू पशु प्रदाय योजना की होगी प्रभावी मॉनिटरिंग, पशुपालकों को मिले प्रशिक्षण और दूध बेचने की बेहतर सुविधा
राज्यपाल ने अधिकारियों को दिए निर्देश
26 नवंबर 2026, भोपाल: दुधारू पशु प्रदाय योजना की होगी प्रभावी मॉनिटरिंग, पशुपालकों को मिले प्रशिक्षण और दूध बेचने की बेहतर सुविधा – मध्यप्रदेश में जनजातीय समुदाय के परिवारों को पशुपालन के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए संचालित मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना की अब प्रभावी निगरानी की जाएगी। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि योजना का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचे और पशुपालकों को पशुओं की देखभाल से लेकर दूध बेचने तक की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।राज्यपाल श्री पटेल ने लोकभवन में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यह योजना जनजातीय समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण की महत्वपूर्ण पहल है। इसलिए इसके क्रियान्वयन में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
पशुपालकों से लिया जाए योजना का फीडबैक
राज्यपाल ने अधिकारियों से कहा कि योजना की सफलता के लिए मैदानी अमले को सक्रिय रखा जाए। अधिकारी और कर्मचारी समय-समय पर हितग्राही पशुपालकों से मिलें और उनसे योजना के बारे में जानकारी लें।पशुपालकों से यह भी पता किया जाए कि उन्हें मिले दुधारू पशु स्वस्थ हैं या नहीं, दूध का उत्पादन कैसा है और दूध बेचने में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं आ रही है।यदि किसी हितग्राही को योजना के तहत परेशानी या शिकायत है तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
पशुपालकों को मिलेगा जरूरी प्रशिक्षण
राज्यपाल ने कहा कि केवल दुधारू पशु उपलब्ध करा देना ही योजना की सफलता नहीं है। पशुपालकों को पशुओं के बेहतर रखरखाव और डेयरी व्यवसाय की जानकारी देना भी जरूरी है।इसके लिए हितग्राहियों को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाए। राज्यपाल ने एक महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि योजना के तहत चयनित जनजातीय पशुपालकों को दूसरे जिलों और राज्यों का भ्रमण कराया जाए।
गांवों में दूध संग्रहण और बिक्री की व्यवस्था मजबूत होगी
राज्यपाल श्री पटेल ने जनजातीय क्षेत्रों में दूध संग्रहण केंद्रों और मिल्क रूट की व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर दिया।गांवों में दूध संग्रहण और बिक्री की अच्छी व्यवस्था होने से पशुपालन को नियमित आमदनी का साधन बनाने में मदद मिलेगी।
बीमा और पशुओं के स्वास्थ्य की भी हो रही निगरानी
बैठक में पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े ने मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना की वर्ष 2024-25 और 2025-26 की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पशुओं के बीमा से जुड़े प्रकरण, पशुओं के स्वास्थ्य की निगरानी और योजना के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गई है।
इसके अलावा पी.एम.जन-मन योजना,वनाधिकार पट्टाधारकों को विभागीय योजनाओं का लाभ तथा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत चयनित गांवों में पशुपालन विभाग की योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


