Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

जूट की खेती से किसानों को मिलेगा दोहरा फायदा, ICAR ने विकसित की सब्जी वाली नई किस्म; सिर्फ 30 दिन में होगी तैयार

26 नवंबर 2026, नई दिल्ली: जूट की खेती से किसानों को मिलेगा दोहरा फायदा, ICAR ने विकसित की सब्जी वाली नई किस्म; सिर्फ 30 दिन में होगी तैयार – जूट की खेती करने वाले किसानों के लिए अच्छी खबर है। अब जूट का इस्तेमाल सिर्फ बोरी, रस्सी और कपड़ा बनाने के लिए ही नहीं, बल्कि पौष्टिक सब्जी और हेल्थ ड्रिंक तैयार करने के लिए भी किया जा सकेगा। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के बैरकपुर स्थित केंद्रीय जूट एवं संबद्ध रेशा अनुसंधान संस्थान (ICAR-CRIJAF) ने जूट की देश की पहली सब्जी वाली किस्म ‘विटापैट-1’ (JROV-5) विकसित की है। इस किस्म की खासियत है कि इसकी पत्तियां सिर्फ 30 दिन में तैयार हो जाती हैं। इससे किसानों को कम समय में अतिरिक्त कमाई का मौका मिलेगा।

अब तक जूट को मुख्य रूप से गोल्डन फाइबर यानी सुनहरे रेशे के रूप में जाना जाता है। इससे औद्योगिक बोरियां, कपड़ा, रस्सियां और जियो-टेक्सटाइल बनाए जाते हैं। हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों में किसान जूट की कोमल पत्तियों का इस्तेमाल घरों में सब्जी के रूप में भी करते रहे हैं। लेकिन जूट की पत्तियों में मौजूद पोषक तत्वों और इसके खाद्य उपयोग की संभावनाओं पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया था। इसी को देखते हुए ICAR ने विशेष रूप से पत्तेदार सब्जी के लिए विटापैट-1 किस्म विकसित की है।

सामान्य जूट से ज्यादा पौष्टिक हैं इसकी पत्तियां
विटापैट-1 की पत्तियों में सामान्य जूट की किस्मों की तुलना में 15 से 30 प्रतिशत तक अधिक विटामिन-C पाया गया है। इसके अलावा इनमें आयरन, जरूरी खनिज और एंटीऑक्सीडेंट फ्लेवोनॉयड्स भी भरपूर मात्रा में मौजूद हैं। संस्थान के प्रयोगशाला परीक्षणों में पत्तियों के अर्क में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देने और कीमो-प्रिवेंटिव गुण भी पाए गए हैं।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

इस किस्म की सूखी पत्तियों के पाउडर में 7.13 प्रतिशत नमी, 11.3 प्रतिशत राख और 28 प्रतिशत कच्चा प्रोटीन पाया गया है। कम नमी होने के कारण पत्तियों के पाउडर को सुरक्षित रखने में भी मदद मिलती है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

30 दिन में 150 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक उपज

इस नई किस्म की सबसे बड़ी खासियत कम समय में तैयार होना है। परीक्षण के दौरान बुवाई के महज 30 दिन बाद 150 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक हरी पत्तियों की उपज प्राप्त हुई। अधिक घनत्व में बुवाई करने पर उत्पादन और बढ़ने की संभावना है।

किसान 25 से 45 दिनों के बीच इसकी पत्तियों की कटाई कर सकते हैं। इससे उन्हें स्थानीय बाजार में सब्जियों की मांग और कीमत के अनुसार कटाई का समय तय करने की सुविधा मिलेगी। इसकी खेती फरवरी-मार्च से नवंबर-दिसंबर तक लगातार की जा सकती है। अनुकूल मौसम वाले क्षेत्रों में सालभर भी इसकी खेती संभव है। कम समय में फसल तैयार होने के कारण किसान एक ही खेत में लगातार कई बार इसकी उपज ले सकते हैं।

छोटे किसानों के लिए भी फायदेमंद

विटापैट-1 को अलग-अलग कृषि और जलवायु वाले क्षेत्रों में उगाया जा सकता है। इससे छोटे किसानों को कम जमीन पर भी कम समय में पत्तेदार सब्जी का उत्पादन करने और अतिरिक्त आमदनी कमाने का अवसर मिलेगा। इसकी पत्तियां ग्रामीण परिवारों के लिए पोषण का अच्छा स्रोत बन सकती हैं। खासतौर पर महिलाओं और बच्चों को इससे आयरन, विटामिन और दूसरे जरूरी पोषक तत्व मिल सकते हैं। इस तरह यह किस्म किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ ग्रामीण परिवारों की पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में भी मददगार हो सकती है।

जूट की पत्तियों से बनेगा हेल्थ ड्रिंक और पोषण पाउडर

विटापैट-1 की पत्तियों का इस्तेमाल केवल सब्जी बनाने तक सीमित नहीं रहेगा। इनसे हेल्थ ड्रिंक और पोषण से भरपूर पाउडर भी तैयार किया जा सकता है। पत्तियों से बने पाउडर को सीधे खाने के अलावा चावल, गेहूं, मोटे अनाज और दालों में मिलाकर उनकी पोषण क्षमता बढ़ाई जा सकती है।

इसके अलावा पत्तियों से पोषक और जैव सक्रिय तत्व निकालकर हेल्थ सप्लीमेंट और दूसरे खाद्य उत्पाद तैयार करने की संभावनाएं भी हैं। शहरी बाजारों और सुपरमार्केट में ताजी और पैक की गई जूट की पत्तेदार सब्जियां पहुंचाने के लिए सीधे बाजार संपर्क विकसित करने की पहल भी की जा रही है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture