ग्रामीण महिलाओं को सस्ता और आसान मिलेगा कर्ज, लखपति दीदियों को उद्यमी बनाने में मदद करेगा NABARD
26 नवंबर 2026, नई दिल्ली: ग्रामीण महिलाओं को सस्ता और आसान मिलेगा कर्ज, लखपति दीदियों को उद्यमी बनाने में मदद करेगा NABARD – ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्वयं सहायता समूहों (SHG) को उद्यमों के रूप में विकसित करने के लिए ग्रामीण विकास विभाग (DoRD) और राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (NABARD) ने समझौता किया है। इसके तहत दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के लिए ब्याज अनुदान योजना और महिला उद्यम त्वरण कोष (WEAF) के प्रबंधन एवं तकनीकी सहयोग की जिम्मेदारी NABARD संभालेगा। इस मौके पर ब्याज अनुदान पोर्टल भी लॉन्च किया गया।
दोनों योजनाओं के लिए NABARD बनेगा नोडल एजेंसी
25 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में हुए इस समझौते पर ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव विपिन कुमार और NABARD के उप प्रबंध निदेशक अजय कुमार सूद ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान ग्रामीण विकास विभाग के सचिव रोहित कंसल और NABARD के अध्यक्ष डॉ. शाजी कृष्णन वी मौजूद रहे। समझौते के तहत NABARD दोनों योजनाओं के लिए एकमात्र नोडल एजेंसी के रूप में काम करेगा।
इसमें सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बैंक, लघु वित्त बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक और सहकारी बैंक शामिल होंगे। NABARD योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रबंधन और तकनीकी सहयोग की जिम्मेदारी संभालेगा। इससे सभी बैंकों के लिए एक समान नियम, ऋण दावों के निपटान की एक प्रक्रिया और जवाबदेही की व्यवस्था सुनिश्चित होगी।
स्वयं सहायता समूहों को अब तक मिला 14 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्जग्रामीण विकास विभाग के सचिव रोहित कंसल ने बताया कि देश में स्वयं सहायता समूहों को अब तक 14 लाख करोड़ रुपये से अधिक का औपचारिक बैंक ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में अनौपचारिक स्रोतों से कर्ज लेने की निर्भरता कम हुई है। अब सरकार का जोर स्वयं सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों से आगे बढ़ाकर उद्यमों के रूप में विकसित करने पर है।
उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में विभाग का लक्ष्य स्वयं सहायता समूहों को अतिरिक्त 10 लाख करोड़ रुपये और व्यक्तिगत महिला उद्यमों को 1 लाख करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराने में मदद करना है।
ब्याज अनुदान से सस्ता होगा कर्ज
रोहित कंसल ने कहा कि ब्याज अनुदान से महिलाओं के लिए ऋण लेना सस्ता होगा, जबकि गारंटी शुल्क की प्रतिपूर्ति से बैंकों को बिना किसी संपत्ति को गिरवी रखे दिए जाने वाले ऋण में सुरक्षा मिलेगी। नए पोर्टल से ऋण संबंधी दावों की प्रक्रिया तेज होगी और उनका समय पर निपटान किया जा सकेगा।
उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग और NABARD से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए उनकी जरूरत के अनुसार ऋण उत्पाद तैयार करने, उद्यमों को जरूरी सहयोग देने और सरकारी योजनाओं की जानकारी से जुड़ी कमियों को दूर करने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
महिलाओं को उद्यमी बनाने पर जोर
NABARD के अध्यक्ष डॉ. शाजी कृष्णन वी ने कहा कि यह साझेदारी NABARD की संस्थागत क्षमता और DAY-NRLM के सामुदायिक नेटवर्क को जोड़कर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आजीविका से आगे बढ़ाकर सफल उद्यमी बनाने में मदद करेगी। उन्होंने महिला नेतृत्व वाले विकास और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीण विकास विभाग के साथ सहयोग मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।
ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव विपिन कुमार ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों ने अपने वित्तीय अनुशासन और ऋण चुकाने की क्षमता के दम पर बैंकिंग व्यवस्था में भरोसेमंद जगह बनाई है। अब जरूरत इस बात की है कि ग्रामीण महिलाओं को कितनी जल्दी, कम लागत पर और अधिक मात्रा में ऋण उपलब्ध कराया जा सके।
इस समझौते से ग्रामीण महिलाओं को समय पर ऋण सहायता मिलने, बैंकों का भरोसा बढ़ने और महिला उद्यमों के लिए वित्तीय संसाधन जुटाने में मदद मिलेगी। पोर्टल के रियल टाइम आंकड़ों से ग्रामीण महिलाओं तक पहुंचने वाले ऋण की जानकारी भी मिल सकेगी। इससे लखपति दीदियों को उद्यमी बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने को बढ़ावा मिलेगा।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


