एमपी के लिए बनेगा वैज्ञानिक कृषि प्रारूप, दो कृषि क्लस्टर और दो उत्कृष्टता केंद्र होंगे विकसित; मोहन यादव और शिवराज सिंह चौहान की बैठक में कई अहम फैसले
27 नवंबर 2026, नई दिल्ली: एमपी के लिए बनेगा वैज्ञानिक कृषि प्रारूप, दो कृषि क्लस्टर और दो उत्कृष्टता केंद्र होंगे विकसित; मोहन यादव और शिवराज सिंह चौहान की बैठक में कई अहम फैसले –केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ नई दिल्ली में विस्तृत बैठक की। बैठक में राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल और ऐदल सिंह कंसाना सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान मध्य प्रदेश में कृषि विकास को गति देने और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रस्तुत विभिन्न प्रस्तावों की समीक्षा की गई। बैठक में राज्य में 223 सेतुओं के निर्माण के लिए 643.14 करोड़ रुपये की मंजूरी सहित कृषि विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलों पर चर्चा हुई।
मध्य प्रदेश में 223 पुलों के निर्माण के लिए 643 करोड़ रुपये स्वीकृत
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनकी टीम ने राज्य के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए। इनमें सड़क, सेतु, आवास, सिंचाई और विभिन्न केंद्रीय योजनाओं से संबंधित प्रस्ताव शामिल हैं। ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश में 223 सेतुओं के निर्माण के लिए 643.14 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इसके अलावा लगभग 600 करोड़ रुपये की सड़क निर्माण संबंधी परियोजनाओं के प्रस्ताव भी बैठक में प्रस्तुत किए गए, जिन पर चर्चा हुई।
एमपी के लिए तैयार होगा वैज्ञानिक कृषि प्रारूप
बैठक में मध्य प्रदेश में कृषि उत्पादकता बढ़ाने और दीर्घकालिक कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया। केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की कि कृषि वैज्ञानिकों के सहयोग से मध्य प्रदेश के लिए एक विशेष वैज्ञानिक कृषि प्रारूप तैयार किया जाएगा। इसका उद्देश्य राज्य में कृषि विकास को बढ़ावा देना और उत्पादकता में सुधार करना है। इसके साथ ही आधुनिक कृषि पद्धतियों और कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहित करने के लिए मध्य प्रदेश को दो कृषि क्लस्टर और दो उत्कृष्टता केंद्र आवंटित किए जाएंगे।
क्लीन प्लांट कार्यक्रम के तहत विकसित होंगी विशेष नर्सरियां
किसानों को रोगमुक्त और उच्च गुणवत्ता वाली पौध सामग्री उपलब्ध कराने के लिए मध्य प्रदेश में क्लीन प्लांट कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष नर्सरियों का विकास किया जाएगा। इससे किसानों को बेहतर गुणवत्ता वाली पौध सामग्री उपलब्ध कराने की पहल को आगे बढ़ाया जाएगा।
सूक्ष्म सिंचाई और सिंचाई परियोजनाओं को मिलेगा सहयोग
बैठक में मध्य प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा देने से जुड़े प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने राज्य में सिंचाई के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ (PDMC) योजना के अंतर्गत राज्य को व्यापक सहायता उपलब्ध कराने पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा मध्य प्रदेश सरकार की ओर से प्रस्तुत सिंचाई से संबंधित अन्य प्रस्तावों के प्रभावी समाधान तलाशने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में सड़क और पुलों के निर्माण, कृषि उत्पादकता बढ़ाने, आधुनिक कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करने तथा सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से मध्य प्रदेश में कृषि विकास और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों की समीक्षा की गई।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


